Saturday, February 21, 2026

अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने शेयर किया घर से काम करने का 'दर्द'


मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वे जिंदगी के कुछ खास पलों की यादें फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। उन्होंने शनिवार को भी कुछ ऐसा ही करते हुए एक मजेदार पोस्ट शेयर किया।

अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि आराम और काम के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लिखा, “घर से काम करना सुनने में बहुत अच्छा लगता है, लेकिन जब दो लेखक एक ही डाइनिंग टेबल पर काम करें तो मुश्किल हो जाता है। मुझे समझ आया है कि घर में साफ सीमाएं होना बहुत जरूरी है, ऐसी जगह जहां आप ध्यान से काम कर सकें, समय पर काम खत्म करें, और फिर सुकून से घर जैसा महसूस कर सकें। काम काम की जगह रहे और घर, घर जैसा ही रहे।”

अभिनेत्री का यह पोस्ट फैंस को काफी पसंद आ रहा है। वे कमेंट सेक्शन पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

टिस्का चोपड़ा का अभिनय करियर काफी शानदार रहा है। भले ही टिस्का चोपड़ा पर्दे पर कम नजर आईं, लेकिन वह अपनी मौजूदगी से दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ती हैं। अभिनेत्री पिछली बार फिल्म ‘मर्डर मुबारक’ में नजर आई थीं, जो 15 मार्च 2024 को रिलीज हुई थी। इससे पहले, उनकी तेलुगु क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘हिट: द थर्ड केस’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उन्होंने एडीजीपी कर्णिका आहूजा का रोल प्ले किया था।

टिस्का ने हाल ही में फिल्म साली मोहब्बत से निर्देशन में डेब्यू किया है। इस फिल्म में राधिका आप्टे, दिव्येंदु, अनुराग कश्यप और वेटरन एक्टर शरत सक्सेना मुख्य भूमिका में हैं। इसका निर्माण जियो स्टूडियोज और मनीष मल्होत्रा मिलकर स्टेज5 प्रोडक्शन के बैनर तले कर रहे हैं।

फिल्म की कहानी एक छोटे शहर की साधारण गृहिणी के इर्द-गिर्द घूमती है। वह जिंदगी में अचानक बेवफाई और धोखे के जाल में फंस जाती है। फिर शुरू होती है उसकी जिंदगी की असली जंग। कहानी में प्यार, धोखा, बदला और आत्म-सम्मान जैसे कई गहरे मुद्दे छुए गए हैं। यह फिल्म जी5 पर जल्द ही रिलीज होगी।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Related Articles

Latest News