Saturday, February 21, 2026

रकुल प्रीत के लिए जैकी भगनानी का उमड़ा प्यार, कहा- "तुम मेरी ताकत और रोशनी हो"


मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्मी दुनिया में रिश्तों को लेकर चर्चा होना आम बात है, लेकिन आमतौर पर देखा गया है कि अभिनेत्रियां अपने से उम्र में बड़े निर्माताओं से विवाह करती हैं। हमउम्र निर्माता के साथ शादी के उदाहरण अपेक्षाकृत कम देखने को मिलते हैं। ऐसे में जैकी भगनानी और रकुल प्रीत की जोड़ी खास है। दोनों न केवल हमउम्र हैं, बल्कि आपसी समझ, भरोसे और सहयोग के आधार पर उन्होंने अपने रिश्ते को मजबूत बनाया है।

शनिवार को कपल अपनी शादी की सालगिरह मना रहा है। जैकी भगनानी ने इस खास मौके पर इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने रकुल के लिए दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनकी शादी, छुट्टियां और रोजमर्रा के खूबसूरत पल शामिल हैं।

जैकी ने लिखा, “मैं तुम्हें शब्दों से कहीं ज्यादा प्यार करता हूं। मैं कभी शब्दों से बयां नहीं कर पाया कि तुम मेरे लिए कितनी खास हो, लेकिन आज बस इतना कहना चाहता हूं कि मेरी जिंदगी में होने के लिए शुक्रिया। हमेशा मेरा साथ देने और मेरा होने के लिए धन्यवाद।”

जैकी ने आगे लिखा, “हमारी दूसरी सालगिरह मुबारक हो, रकुल। तुम्हारे साथ से ये दो साल ऐसे बीते जैसे बस दो पल ही हों…क्योंकि तुम्हारे साथ हर लम्हा इतना खास होता है कि समय जैसे रुक सा जाता है।”

जैकी ने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा, “मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूं, जितना तुम सोच भी नहीं सकती। मैंने तुमसे बहुत कुछ सीखा है, शायद जितना तुम्हें पता भी नहीं होगा। जब मैं कमजोर पड़ता हूं, तुम मेरी ताकत बन जाती हो। जब मुझे मजबूती से खड़ा होना होता है, तुम मेरा सहारा बनती हो। और जब जिंदगी में अंधेरा लगता है, तुम मेरी रोशनी बन जाती हो।”

यह पोस्ट फैंस के बीच खूब पसंद आ रही है। जैकी ने रकुल को अपना सबसे मजबूत सहारा बताया। दोनों ने 21 फरवरी 2024 को गोवा में पारंपरिक तरीके से शादी की थी। 2021 से उनका रिश्ता शुरू हुआ था और अब दो साल बाद भी उनका प्यार वैसा ही गहरा और रोमांटिक है।

रकुल प्रीत सिंह दक्षिण भारतीय फिल्मों और बॉलीवुड दोनों में एक्टिव हैं, जबकि जैकी एक्टर के साथ-साथ सफल प्रोड्यूसर भी हैं। उनका यह कपल इंडस्ट्री में ऐसे जोड़ों में शुमार है, जहां दोनों बराबरी से साथ चलते हैं और एक-दूसरे की सफलता में खुशी मनाते हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News