लखनऊ, 20 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन ने देश की छवि को धूमिल करने का काम किया।
पंकज चौधरी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत मंडपम में एआई समिट चल रहा है, जिसमें 30 देशों के प्रतिनिधि प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस दौरान जिस तरह से यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। 2014 के बाद से पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का मान बढ़ा है। कांग्रेस को देश की तरक्की से दर्द होता है, इसीलिए समय-समय पर कांग्रेस पार्टी देश का अपमानित करने का काम करती है।
उन्होंने आगे कहा कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के आयोजन से भारत वैश्विक मंच पर अपनी तकनीकी ताकत दिखा रहा था, तभी कांग्रेस ने अपने स्वार्थ में देश की छवि को धूमिल करने का काम किया। जब पूरा देश गर्व महसूस कर रहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उभरते हुए भारत की तकनीक, नवाचार और विकास की दुनिया भर में चर्चा हो रही है, तो कांग्रेस ने देश का साथ देने के बजाय अपमान और उपद्रव को चुना।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजन पर अनुशासनहीनता और उपद्रव करना स्पष्ट रूप से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास था। यह न केवल शर्मनाक है बल्कि यह दिखाता है कि विपक्ष अपने स्वार्थ में देश की गौरवशाली छवि की भी परवाह नहीं करता। भारत एक विकसित, टेक्नोलॉजी लीडर और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी देश के रूप में उभर रहा है। ऐसे समय पर विपक्ष की यह हरकत सिर्फ देश की बदनामी का कारण बनी। हमारा संदेश स्पष्ट है, राजनीति अलग, देश अलग और देश की प्रतिष्ठा से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एआई समिट पहली बार हो रहा है, जिसमें ज्यादातर देश और करीब 20 देशों के हेड शामिल हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने ग्लोबल स्टेज पर भारत को बदनाम करने का बीड़ा उठा लिया है। देश से माफी मांगनी चाहिए।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
