मुंबई, 19 फरवरी (आईएएनएस)। होली का त्योहार नजदीक है और बाजार सज चुके हैं। इस त्योहार का मजा भोजपुरी के गानों के बिना अधूरा ही लगता है। इस बीच, अभिनेत्री अक्षरा सिंह होली के लिए नया गाना ‘होली पे चले गोली’ लेकर आ रही हैं। गुरुवार को गाने का टीजर जारी कर दिया गया है। दिलचस्प बात ये है कि इस गाने में अक्षरा के साथ अभिनेता वरुण शर्मा भी नजर आ रहे हैं।
अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर गाने का पोस्टर पोस्ट किया। अक्षरा ने लिखा, “गाना ‘होली पे चले गोली’ का टीजर जारी कर दिया गया है। इसमें वरुण और अक्षरा सिंह नजर आ रहे हैं। इस बार होली पर एक ही गाना छाने वाला है। अभी जाकर टीजर देखें और कमेंट में बताएं कि आपको इसकी एनर्जी कैसी लगी। टीजर अब ‘बीलाइव म्यूजिक’ के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।”
फैंस को ये गाना काफी पसंद आ रहा है। वे कमेंट सेक्शन पर गाने की तारीफ कर रहे हैं और इसे ‘सुपरहिट’ और ‘होली का सबसे बड़ा एंथम’ जैसे शब्दों से सराह रहे हैं।
गाने का टीजर काफी शानदार है। होली के रंग, मस्ती और तेज बीट्स से भरपूर टीजर हर किसी को झूमने पर मजबूर कर देगा। अक्षरा सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। वे न सिर्फ अभिनय, बल्कि गायिकी से भी दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखती हैं। उनके गाने कई लोगों को पसंद भी आते हैं।
अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा की एक ऐसी हस्ती हैं, जिन्होंने अपनी एक्टिंग और गायकी से लाखों दिल जीते हैं। हाल ही में उन्होंने ‘भोली सी मईया’, ‘चल जाईब मायके’, और भक्ति गीत ‘केलवा के पात’ रिलीज किया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
अभिनेत्री अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी विवादों में रह चुकी हैं। उनका नाम भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह से जुड़ चुका है। एक समय था, जब दोनों का रिश्ता सुर्खियों में रहा, लेकिन वक्त के साथ रिश्ते में दरार आ गई। अलगाव के बाद अक्षरा ने पवन सिंह पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए।
–आईएएनएस
एनएस/डीकेपी
