Thursday, February 19, 2026

'द केरल स्टोरी 2' पर विपक्ष का तीखा हमला, कहा- 'ये प्रोपेगेंडा का हिस्सा'


नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड’ को लेकर सियासी विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ट्रेलर रिलीज के बाद विपक्षी दलों की ओर से लगातार विरोध जताया जा रहा है। वे इस फिल्म को प्रोपेगेंडा करार दे रहे हैं। कांग्रेस, पीडीपी, समाजवादी पार्टी और केरल सरकार के नेताओं का कहना है कि यह फिल्म समाज में नफरत फैलाने की कोशिश है। विपक्ष का आरोप है कि फिल्मों के जरिए एक खास समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।

जम्मू से कांग्रेस विधायक गुलाम अहमद मीर ने फिल्म पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ”ऐसी फिल्में प्रोपेगेंडा का हिस्सा होती हैं और इन्हें किसी न किसी स्तर पर पीछे से स्पॉन्सर किया जाता है। ये फिल्में एक तय एजेंडे के तहत बनाई जाती हैं ताकि एक खास सोच को आगे बढ़ाया जा सके। इसी वजह से ऐसी फिल्मों का असर सीमित होता है, क्योंकि लोग धीरे-धीरे इनके मकसद को समझने लगे हैं।”

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने इस विवाद पर कहा, ”पिछले दस सालों से मुसलमानों को नीचा दिखाने के लिए एक संगठित प्रोजेक्ट चल रहा है। पहले कभी कॉलेज बंद करवाए गए, कभी हिंसक घटनाएं करवाई गईं और अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को हथियार बनाया जा रहा है। फिल्मों और मनोरंजन के माध्यम से मुसलमानों को जलील करने की कोशिश हो रही है।”

जम्मू-कश्मीर से कांग्रेस विधायक निजामुद्दीन भट्ट ने भी फिल्म को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “देश को संविधान के आधार पर चलाया जाना चाहिए। जब देश संविधान के अनुसार चलता था, तब इस तरह के विवाद और विवादित मुद्दे सामने नहीं आते थे। ऐसे मामलों से ध्यान भटकाकर समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है।”

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से राज्य के मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने फिल्म को केरल की छवि खराब करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा, ”जानकारी मिली है कि ‘केरल स्टोरी’ का दूसरा पार्ट रिलीज होने वाला है और कुछ सीन लोगों ने देखे भी हैं। केरल के लोगों ने पहले ही ‘द केरल स्टोरी’ के पहले पार्ट की कड़ी आलोचना की थी। यह फिल्म राज्य में चल रहे विकास कार्यों से ध्यान हटाने और केरल को बदनाम करने की कोशिश है। भारत में भले ही साम्प्रदायिक तनाव और एंटी-सेक्युलर मूवमेंट चल रहे हों, लेकिन केरल की सामाजिक संरचना इससे अलग और मजबूत है।”

मुंबई से समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने फिल्म के दावों को पूरी तरह झूठा बताया। उन्होंने कहा, ”यह कहना कि मुसलमान हिंदुओं को नुकसान पहुंचा रहे हैं, सरासर गलत है। अगर कहीं जबरदस्ती शादी या कोई अपराध होता है, तो कानून के तहत सजा दी जाती है। देश को संविधान के हिसाब से चलना चाहिए। मौजूदा हालात काफी चिंताजनक बनते जा रहे हैं।”

विवादों के बीच ‘द केरल स्टोरी 2’ 27 फरवरी 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने जा रही है।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Related Articles

Latest News