मुंबई, 18 फरवरी (आईएएनएस)। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 283.29 अंकों यानी 0.34 प्रतिशत की उछाल के साथ 83,734.25 पर बंद हुआ, तो वहीं एनएसई निफ्टी 93.95 (0.37 प्रतिशत) अंकों की बढ़त के साथ 25,819.35 पर बंद हुआ।
घरेलू बाजार मामूली तेजी के साथ सपाट खुलने के बाद शुरुआती कारोबार में नीचे गिर गया था, जिससे उसकी दो दिन की बढ़त का सिलसिला टूट गया था। हालांकि बाद में बाजार ने करवट लेते हुए तेजी दिखाई और दिन के कारोबार का अंत सकारात्मक किया।
इस दौरान निफ्टी आईटी को छोड़कर निफ्टी50 के सभी इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते हुए नजर आए।
व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, तो वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी मेटल इंडेक्स में 1.33 प्रतिशत की तेजी आई, तो निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा, निफ्टी एफएमसीजी में 1.2 प्रतिशत का इजाफा हुआ, जबकि निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स पैक में, टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, एमएंडएम और एलएंडटी के शेयरों में 2.90 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। जबकि टेक महिंद्रा, इंफोसिस, इटरनल, एचसीएल टेक और टीसीएस के शेयर टॉप लूजर्स में शामिल रहे।
–आईएएनएस
डीबीपी/
