Tuesday, February 17, 2026

मालेगांव की डिप्टी मेयर को राजनीतिक समझ नहीं है: कृष्णा हेगड़े


मुंबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। मालेगांव में डिप्टी मेयर के कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने को लेकर हुए विवाद पर शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्‍होंने कहा कि डिप्टी मेयर राजनीति में नई हैं और उन्हें महाराष्ट्र की ऐतिहासिक संवेदनशीलताओं की समझ होनी चाहिए।

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके पुत्र सम्भाजी महाराज पूजनीय हैं, जिन्होंने धर्म रक्षा और हिंदवी स्वराज के लिए संघर्ष किया। कृष्णा हेगड़े ने आरोप लगाया कि टीपू सुल्तान के शासनकाल में हिंदुओं पर अत्याचार हुए और मंदिर तोड़े गए, इसलिए उनके चित्र को सरकारी कार्यालय में लगाना अनुचित है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा तस्वीर हटाए जाने के बाद उसे दोबारा लगाया जाना गलत कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों से युद्ध अपनी जागीर बचाने के लिए लड़ा था और उनकी तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज या सम्भाजी महाराज से नहीं की जा सकती।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के हालिया बयानों पर हेगड़े ने कहा कि अय्यर लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे हैं और उन्होंने राहुल गांधी, शशि थरूर तथा केसी वेणुगोपाल जैसे नेताओं के खिलाफ बयान दिए हैं। हालांकि, उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि इसमें शिवसेना या भारतीय जनता पार्टी को टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने संगठनात्मक मुद्दों को स्वयं सुलझाना होगा और मणिशंकर अय्यर पर क्या कार्रवाई करनी है, यह पूरी तरह पार्टी का आंतरिक निर्णय है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई दौरे पर हैं और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी शहर में मौजूद हैं। दोनों नेता इंडो-फ्रांस समिट का उद्घाटन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान बड़े उद्योग समूहों और बिजनेस लीडर्स के साथ बैठकें हो रही हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साझाकरण और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा चल रही है। हेगड़े ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच एक नया समझौता होने जा रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Related Articles

Latest News