Tuesday, February 17, 2026

'धुरंधर 2' सेट पर सुरक्षा उल्लंघन: सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने की कड़ी निंदा, बीएमसी की कार्रवाई का समर्थन


मुंबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने फिल्म ‘धुरंधर 2’ के सेट पर हुई गंभीर सुरक्षा उल्लंघनों की कड़ी निंदा की। एसोसिएशन ने निर्देशक आदित्य धर और उनकी प्रोडक्शन कंपनी बी62 स्टूडियोज के खिलाफ बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा की गई कार्रवाई का समर्थन किया है।

एसोसिएशन ने मांग की है कि फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू किया जाए और वर्कर्स की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।

एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा, “फिल्म इंडस्ट्री के वर्कर्स, टेक्नीशियन और मजदूरों की जान, सुरक्षा और सम्मान से किसी भी हाल में समझौता नहीं किया जा सकता। कोई भी प्रोडक्शन हाउस कानून से ऊपर नहीं है।”

उन्होंने हर शूटिंग सेट पर रेगुलर इंस्पेक्शन और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की अपील की। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह फिल्म इंडस्ट्री के वर्कर्स के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। जब तक पूरे इंडस्ट्री में सख्त सुरक्षा नियम लागू नहीं हो जाते तब तक एसोसिएशन चुप नहीं बैठेगा।

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ की शूटिंग के दौरान कई बार सुरक्षा उल्लंघन हुए। हाई-सिक्योरिटी जोन में जलती मशालों का इस्तेमाल, बिना अनुमति लोकेशन बदलना, गैस और जेनरेटर वैन का अवैध उपयोग जैसी लापरवाहियां सामने आई हैं। एसोसिएशन ने कहा कि ऐसी घटनाएं नई नहीं हैं। कई सालों से प्रोडक्शन हाउस सुरक्षा नियमों, कानूनी मंजूरी और बुनियादी सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज करते रहे हैं। गोरेगांव फिल्म सिटी और अन्य स्टूडियोज में आग, बिजली के झटके, गिरने और असुरक्षित सेट की वजह से वर्कर्स की जान जा चुकी है और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

एसोसिएशन ने राज्य के मुख्यमंत्री और बीएमसी कमिश्नर को कई बार पत्र लिखकर शिकायत की है। एसोसिएशन ने मांग की है कि हर शूटिंग सेट का नियमित और सख्त निरीक्षण हो। जहां लापरवाही मिले, वहां तुरंत कार्रवाई हो। दुर्भाग्य से समय पर सख्त कदम नहीं उठाए जाते, जिससे लापरवाह प्रोडक्शन हाउस बेफिक्र रहते हैं और वर्कर्स की जान जोखिम में पड़ती रहती है। मुंबई में रोजाना सैकड़ों शूटिंग होती हैं, लेकिन ज्यादातर प्रोडक्शन हाउस जरूरी सुरक्षा और कानूनी जरूरतों का पालन नहीं करते।

‘धुरंधर 2’ मामले में बीएमसी द्वारा बी62 स्टूडियोज को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश और जुर्माना प्रस्ताव को सही कदम बताया है। एसोसिएशन ने कहा कि ऐसे सख्त फैसले अन्य प्रोडक्शन हाउस के लिए चेतावनी का काम करेंगे।

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News