कैंडी, 16 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप बी का एक बेहद अहम मैच श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार की शाम 7 बजे से खेला जाना है। इस बेहद अहम मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपने स्क्वॉड में आधिकारिक रूप से पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को शामिल कर लिया है।
स्मिथ को तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की जगह शामिल किया गया है। स्मिथ को कप्तान मिचेल मार्श के कवर के तौर पर भेजा गया था, जिन्हें नेट्स में इंजरी हो गई थी। मार्श इंजरी की वजह से शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए।
स्मिथ ने रविवार को कैंडी में ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ ट्रेनिंग की थी, और अब वह प्लेइंग इलेवन में चयन के लिए उपलब्ध हैं।
चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने कहा, “आईसीसी के नियमों के मुताबिक, टीम में कोई भी बदलाव मैच से कम-से-कम एक दिन पहले किया जाना चाहिए। स्टीव के यहां होने और मिच और मार्कस स्टोइनिस को लेकर कुछ अनिश्चितता के साथ, यह समझ में आता है कि वह सक्रिय हैं और जरूरत पड़ने पर चयन के लिए उपलब्ध हैं।”
हालांकि श्रीलंका के खिलाफ सोमवार को होने वाले मैच में स्मिथ को प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की संभावना कम है। कप्तान मिशेल मार्श टीम में वापसी करते हुए ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, लेकिन अगर मार्श नहीं खेल पाते हैं तो स्मिथ के शामिल होने की संभावना बहुत ज्यादा हो जाएगी।
स्मिथ ने फरवरी 2024 के बाद से ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेला है। हाल में संपन्न बीबीएल में स्मिथ का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था और उसी के बाद टी20 विश्व कप में उनको शामिल किए जाने के कयास लगने लगे थे।
स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टी20 मैचों की 55 पारियों में 5 अर्धशतक लगाते हुए 1,094 रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए श्रीलंका के खिलाफ जीत बेहद अहम है। हार ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप से बाहर कर सकती है।
–आईएएनएस
पीएके
