धनबाद, 15 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद में बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित पंडरपाला में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राजेंद्र मैदान के समीप बह रहे नाले में एक व्यक्ति का शव देखा गया। कुछ लोगों की नजर जैसे ही नाले में तैरते शव पर पड़ी, उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान पंडरपाला निवासी करीब 45 वर्षीय आफताब खान के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के छोटे भाई अनवर खान ने बताया कि आफताब खान मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। वे अक्सर घर से बिना बताए निकल जाते थे और देर तक इधर-उधर भटकते रहते थे।
परिजनों के अनुसार, वह पिछले दो दिनों से लापता थे और उनकी तलाश की जा रही थी। रविवार सुबह नाले में उनका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। पुलिस अधिकारी सुनील कुमार रवि ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
आशंका जताई जा रही है कि आफताब खान भटकते हुए नाले के पास पहुंचे होंगे और संभवतः पैर फिसलने से पानी में गिर गए, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि शव परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परीक्षण के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी मिल सके। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
–आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच
