मुंबई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और चीन की गलवान घाटी पर हुई झड़प पर आधारित सलमान खान और चित्रांगदा की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का नया रोमांटिक सॉन्ग सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।
गाना 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज किया गया था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि गाने को किसने गाया और लिखा? ‘मैं हूं’ को अभिनेता की कोस्टार रहीं कुनिका सदानंद के बेटे अयान लाल ने लिखा और गाया है। अब गाने के मैसिव हिट होने के बाद कुनिका ने बेटे की जमकर तारीफ की है और उन्हें भविष्य में होने वाली परेशानियों से लड़ने के लिए मजबूती से तैयार कर रही हैं।
कुनिका ने अकेले ही अयान की परवरिश की और 90 के दशक में फिल्मों की शूटिंग के साथ बेटे की परवरिश भी की। अभिनेत्री ने हर मां की तरह हमेशा चाहा कि उनके बेटे के सारे सपने पूरे हों। उन्होंने आज अपने बेटे से किया एक वादा पूरा कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जब भी मैं ‘मैं हूं’ सुनती हूं, मुझे सिर्फ एक गाना नहीं सुनाई देता, मुझे एक वादा सुनाई देता है। एक वादा जो मैंने उस दिन किया था जब तुम मेरी गोद में आए थे। मेरे प्यारे बेटे अयान लाल, यह गाना मेरे और तुम्हारे दिल के बीच की बातचीत जैसा लगता है। जब दुनिया बहुत शोरगुल भरी, कठोर और उलझन भरी लगे, मैं चाहती हूं कि तुम बस दो सरल शब्द याद रखो, ‘मैं हूं।’
उन्होंने पोस्ट में अयान का हौसला भी बढ़ाया है और हमेशा पीछे रहकर सुरक्षा करने का वादा किया है। अभिनेत्री का कहना है कि वे जब भी गिरेंगे या सफल होंगे, पीछे मुड़कर देखने पर वहीं नजर आएंगी। कुनिका का पोस्ट सामान्य पोस्ट नहीं है, बल्कि एक मां और बेटे के रिश्ते की गहराई की कहानी है जिससे पता चलता है कि वे एक दूसरे से कितने जुड़े हैं।
कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर कुनिका ने बेटे और उनके खिलाफ किए गए भद्दे पोस्ट का करारा जवाब दिया था। सोशल मीडिया पर उनके बेटे के चेहरे को सिंगर कुमार सोनू से मिलाते हुए उन्हें उनका बेटा बताया जा रहा था। अभिनेत्री ने रिएक्ट करते हुए लताड़ लगाई थी और यूजर को हद में रहने की सलाह दी थी।
–आईएएनएस
पीएस/वीसी
