Sunday, February 15, 2026

टी20 वर्ल्ड कप: मोनांक-संजय के अर्धशतक, यूएसए ने नामीबिया को दिया 200 रन का टारगेट


चेन्नई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। यूएसए ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 26वें मुकाबले में नामीबिया को जीत के लिए 200 रन का विशाल लक्ष्य दिया है। ग्रुप-ए में मौजूद यूएसए की टीम 3 में से 1 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर है। यह टीम इस जीत के साथ सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी।

रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूएसए की टीम ने कप्तान मोनांक पटेल और संजय कृष्णमूर्ति की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 4 विकेट खोकर 199 रन बनाए।

कप्तान मोनांक पटेल ने शायन जहांगीर के साथ 6.5 ओवरों में 68 रन की साझेदारी की। शायन 18 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान ने सैतेजा मुक्कमल्ला के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 89 के स्कोर तक पहुंचाया। मोनांक ने 30 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 52 रन बनाए, जबकि मुक्कमल्ला ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

यूएसए की टीम 103 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी, जहां से संजय कृष्णमूर्ति ने मिलिंद कुमार के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंदों में 87 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

संजय 33 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों के साथ 68 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मिलिंद कुमार ने 20 गेंदों में 2 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाए। नामीबिया की तरफ से विलेम मायबर्ग और गेरहार्ड इरास्मस ने 2-2 विकेट निकाले।

नामीबिया की प्लेइंग इलेवन: जान फ्राइलिंक, लोरेन स्टीनकैंप, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), डायलन लीचर, रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज और मैक्स हेइंगो।

यूएसए की प्लेइंग इलेवन: मोनांक पटेल (कप्तान), शायन जहांगीर (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, मिलिंद कुमार, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, अली खान और सौरभ नेत्रवलकर।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News