मुंबई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। वेलेंटाइन डे पर फिल्म निर्माता एकता कपूर ने फैंस के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने आगामी फिल्म ‘हीर रांझा’ का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने इस फिल्म की एक खास झलक भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की।
फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्म निर्माता इम्तियाज अली के छोटे भाई साजिद अली करेंगे। एकता ने फिल्म की पहली झलक अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। उन्होंने लिखा, “कुछ प्रेम कहानियां कभी खत्म नहीं होतीं। ‘लैला-मजनूं’ से लेकर ‘हीर-रांझा’ तक, प्यार की यह विरासत आज भी जारी है।”
साजिद अली द्वारा निर्देशित फिल्म को ‘लैला-मजनूं’ की सीक्वल बताया जा रहा है। शोभा कपूर, एकता कपूर और प्रीति अली बालाजी मोशन पिक्चर्स और पी फिल्म्स मिलकर ‘हीर रांझा’ का निर्माण करेंगे, जबकि इम्तियाज अली इसके प्रस्तुतकर्ता होंगे।
इससे पहले साल 2018 में फिल्म ‘लैला-मजनूं’ को रिलीज किया गया था, हालांकि रिलीज के बाद पर्दे पर ज्यादा कमाल नहीं दिखा सकी थी, लेकिन समय के साथ फिल्म को दर्शकों की तरफ से काफी सराहना मिली थी। फिल्म के गाने और इसके कुछ डायलॉग आज भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड करते रहते हैं।
फिल्म की कहानी इम्तियाज अली ने लिखी थी और इसका निर्देशन उनके भाई साजिद अली ने किया था। यह फिल्म लैला और मजनूं की सदियों पुरानी लोक-कथा का एक आधुनिक चित्रण थी। बताया जाता है कि असली मजनूं का नाम भी कैस था। यही कारण था कि इम्तियाज अली ने भी फिल्म में मजनूं का नाम कैस भट्ट रखा था।
फिल्म को कश्मीर की खूबसूरत वादियों में फिल्माया गया था। फिल्म में तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। एकता कपूर, शोभा कपूर और प्रीति अली ने मिलकर फिल्म का निर्माण किया था। यह फिल्म इम्तियाज अली द्वारा प्रस्तुत की गई थी। फिल्म में अविनाश और तृप्ति की केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आई थी, जिसके बाद समय-समय पर दोनों को फिर से साथ में कास्ट करने की मांग उठती रहती है। दोनों साथ में कुछ फिल्मों में देखे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी फिल्म में मुख्य किरदार में नजर नहीं आए हैं।
–आईएएनएस
एनएस/वीसी
