गया जी, 14 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के राजनीति में आने के कयास पिछले कई दिनों से लगाए जा रहे हैं। इस बीच, निशांत शनिवार को एक धार्मिक यात्रा को लेकर गया जी पहुंचे, जहां जदयू के नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
निशांत गया जी में प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर पहुंचे और गर्भगृह पहुंचकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। यहां उन्होंने विष्णु चरण के दर्शन करने और तुलसी अर्चना के बाद शक्तिपीठ मां मंगलागौरी मंदिर पहुंचे। यहां भी उन्होंने गर्भगृह में पूजा-अर्चना कर मंगल कामना की। मां मंगलागौरी मंदिर में पूजा के बाद निशांत कुमार बोधगया के लिए रवाना हो गए।
विष्णुपद मंदिर परिसर में उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह उनकी धार्मिक यात्रा है। यह धार्मिक पौराणिक से जुड़ा तीर्थ है, इसलिए यहां आशीर्वाद लेने आया हूं। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं यहां आ सका। विष्णुचरण की पूजा-अर्चना कर अच्छा लगा। जदयू से जुड़े या राजनीति में आने को लेकर उन्होंने किसी प्रश्न का कोई उत्तर नहीं दिया।
इससे पहले निशांत गहलौर घाटी गए और ‘माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी की प्रतिमा का दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने घाटी का भ्रमण कर उसके विषय में पूरी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
निशांत के आने के पूर्व उनके स्वागत में जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा गया जी के विभिन्न सड़कों के किनारे बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। उनके गया जी पहुंचने पर जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत पिछले दिनों वृंदावन में पूजा-पाठ में मशगूल नजर आए थे। निशांत अपने रिश्तेदारों के साथ वृंदावन गए थे। वृंदावन में उनके ई-रिक्शा में बैठकर घूमने की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएमटी/डीएससी
