मुंबई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। सिंगर और पूर्व सांसद बाबुल सुप्रियो ने बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में मेल और फीमेल सिंगर्स के रोल में आए बदलाव पर खुलकर बात की, जिसमें उन्होंने बताया कि प्लेबैक सिंगिंग में कई बड़े बदलाव आए हैं।
आईएएनएस से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि आजकल मेल सिंगर्स इतने हाई ऑक्टेव में गाते हैं कि टैलेंटेड फीमेल सिंगर्स को अपनी आवाज को लो ऑक्टेव में रखना पड़ता है। इससे कई बार उनकी असली आवाज की क्वालिटी प्रभावित हो जाती है।
बाबुल सुप्रियो ने बताया, “मेल सिंगर्स इतने ऊंचे सुर में गा रहे हैं कि फीमेल सिंगर्स, जो बहुत अच्छी होती हैं, उनके पास लो ऑक्टेव में गाने के सिवा कोई चारा नहीं बचता। प्लेबैक सिंगिंग में बड़ा बदलाव आया है। अब कई गानों में लिप-सिंकिंग नहीं होती, बल्कि बैकग्राउंड में म्यूजिक चलता रहता है।”
उन्होंने ‘टाइटैनिक’ फिल्म के गाने ‘माय हार्ट विल गो ऑन’ का उदाहरण दिया, जो मुख्य रूप से बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर इस्तेमाल हुआ, न कि प्लेबैक के रूप में। टाइटैनिक के इस गाने को आवाज सिंगर सेलीन डियोन ने दिया था।
बातचीत में बाबुल सुप्रियो ने अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से दूर जाने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी। अरिजीत ने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा की है, जिसके बाद वह इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर फोकस कर रहे हैं।
बाबुल ने बताया, “अरिजीत एक इंटेलिजेंट, इंटेंस और बहुत टैलेंटेड सिंगर हैं। वह हमारे अब तक के सबसे अच्छे सिंगर्स में से एक और बेहतरीन इंसान हैं। उन्होंने इस फैसले के पीछे बहुत सोचा-समझा होगा।”
उन्होंने फैंस को सलाह दी कि शोर मचाने की बजाय चुपचाप इंतजार करें और देखें कि अरिजीत भविष्य में क्या नया लेकर आते हैं। बाबुल ने कहा, “हम सब उनसे प्यार करते हैं। जरूरी है कि हम उनके फैसले पर भरोसा रखें और देखें कि वे अपनी कला को कैसे आगे बढ़ाते हैं।”
–आईएएनएस
एमटी/एएस
