प्रयागराज, 13 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि जब से तेजस्वी यादव का बिहार में सीएम बनने का सपना टूटा है, तब से अखिलेश यादव बहुत ही हताशा और तनाव में हैं।
प्रयागराज में मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तनाव के कारण ही अखिलेश यादव के मन में जो आता है, बोल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बिहार विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए चुनाव प्रचार करने गए थे। तेजस्वी यादव जैसे-तैसे विपक्ष के नेता बने। 243 विधानसभा सीटों में राजद को सिर्फ 25 सीटें मिलीं। बिहार चुनाव में इंडी अलायंस की जो करारी हार हुई है, तब से अखिलेश यादव तनाव में हैं, इसलिए वे कुछ भी बयान दे देते हैं। केंद्र और राज्य सरकार का इतना शानदार बजट है कि उन्हें 2027 तक नहीं, बल्कि 2047 तक धुंधलापन दिखाई देता रहेगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव सत्ता के लिए मुंगेरीलाल के हसीन सपने तो देख सकते हैं, लेकिन सत्ता हासिल नहीं कर सकते, इसीलिए वे बौखला गए हैं। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की सरकार विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने ‘सेवा तीर्थ’ का जिक्र करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन की मानसिकता से निर्मित साउथ ब्लॉक और नॉर्थ ब्लॉक की विरासत से आगे बढ़ते हुए भारत ने प्रशासन को नई परिभाषा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित ‘सेवा तीर्थ’, प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ-साथ 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, संकल्प और स्वाभिमान का सजीव प्रतीक है। ‘सेवा तीर्थ’ नए भारत की नई कर्तव्य प्रधान नई कार्य-संस्कृति का प्रतीक है, जिसमें सेवा ही व्यवस्था का आधार है और जन-कल्याण उसका लक्ष्य। मेरा विश्वास है कि यह परिवर्तन विकसित भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बनेगा।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
