नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। हार्दिक पंड्या ने नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मुकाबले में 28 गेंदों का सामना करते हुए 52 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 4 छक्के और इतने ही चौके लगाए। इसके अलावा उन्होंने 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच खिताब से नवाजा गया।
मैच जीतने के बाद पंड्या ने कहा, “मैं बस खेल का लुत्फ उठा रहा हूं। तैयारी के लिए पिछले कुछ महीने काफी अच्छे रहे, जिससे लय पकड़ने और शरीर को सही करने का मौका मिला। अब तक सब कुछ बढ़िया चल रहा है।”
अपनी बल्लेबाजों को लेकर पंड्या ने कहा, “एक ऑलराउंडर के तौर पर मुझे हमेशा अपनी बल्लेबाजी पर गर्व रहा है। जब भी मौका मिलता है, मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि दोनों स्किल्स सही तरीके से मैनेज हों। मैंने पहले भी कहा है कि बल्लेबाजी हमेशा मेरे दिल के करीब रही है, और जब वो चल जाती है, तो सोने पर सुहागा जैसा होता है।”
अपनी फिटनेस को लेकर पंड्या ने कहा, “मेरा शरीर शानदार महसूस कर रहा है। मैंने हमेशा कहा है कि इसके पीछे बहुत मेहनत लगती है, जिसे मैं एंजॉय करता हूं। देश के लिए खेलना हमेशा गर्व की बात रही है और मेरी पहली प्राथमिकता भी। इसके लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है, जो मैं करता हूं। कभी-कभी तो मैं खुद को एक तरह के आर्मी कैंप में डाल देता हूं, जहां सुबह-शाम सेशंस होते हैं। बड़ी सीरीज या टूर्नामेंट से पहले मैं खुद को लगभग एक महीने का समय देता हूं। इस बीच अच्छा खाना, अच्छी नींद और सही आदतों पर फोकस करता हूं।”
उन्होंने कहा, “हमारे पास कई विकल्प हैं, फास्ट बॉलिंग भी कवर है, स्पिन भी। कुछ दिन पिच फास्ट बॉलर्स के अनुकूल होती है, तो वे आगे आते हैं। वहीं मिडिल ओवर्स में हमारे स्पिनर्स शानदार रहे हैं, वरुण, अक्षर, कुलदीप जब भी उन्हें मौका मिला उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उसी तरह तेज गेंदबाजों ने भी मौके मिलने पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कुल मिलाकर टीम ने जबरदस्त काम किया है।”
गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने ईशान किशन (61) और हार्दिक पंड्या (52) की शानदार पारियों के दम पर 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए। इसके जवाब में नामीबियाई टीम 18.2 ओवरों में 116 रन पर सिमट गई।
–आईएएनएस
आरएसजी
