Thursday, February 12, 2026

शिवा हत्याकांड: सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक के भाजपा विधायक की जमानत याचिका खारिज की


बेंगलुरु, 12 फरवरी (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ने अपराधी शिवप्रकाश उर्फ बिक्लू शिवा की हत्या के मामले में आरोपी बेंगलुरु के भाजपा विधायक बयराठी बसवराज की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इसके बाद उनके आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के समक्ष आत्मसमर्पण करने की संभावना है। बेंगलुरु स्थित सीआईडी कार्यालय के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाला बागची की पीठ ने सुनवाई के दौरान टिप्पणी की कि विधायक ने मामले के मुख्य आरोपी से अपने संबंधों को लेकर गलत दावे किए हैं। अदालत ने कहा, “आप एक जनप्रतिनिधि हैं, आपको मुकदमे का सामना करने का साहस दिखाना चाहिए।”

इस घटनाक्रम के बाद सीआईडी ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। बसवराज के पास अब या तो जांच अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने या सक्षम अदालत में पेश होकर विधायकों/सांसदों की विशेष अदालत में नियमित जमानत याचिका दाखिल करने का विकल्प है।

इससे पहले कर्नाटक हाईकोर्ट ने मंगलवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। न्यायमूर्ति सुनील दत्त यादव की अध्यक्षता वाली पीठ ने पहले दी गई गिरफ्तारी से अंतरिम राहत को भी समाप्त कर दिया था। हाईकोर्ट के फैसले के बाद से सीआईडी विधायक की तलाश में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक बसवराज फरार बताए जा रहे हैं और उनकी किसी भी समय गिरफ्तारी संभव है।

गौरतलब है कि 15 जुलाई को बेंगलुरु के हलसुरु क्षेत्र में रोडी-शीटर बिक्लू शिवा की उनके घर के सामने हत्या कर दी गई थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि उन्होंने विधायक के खिलाफ महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। सीआईडी सूत्रों के अनुसार, मामले की गहराई से जांच और बड़ी साजिश का खुलासा करने के लिए बसवराज से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।

बसवराज को हत्या के आरोप में पांचवां आरोपी बनाया गया है। भरतिनगर पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। हालांकि बाद में मृतक की मां ने दावा किया कि उन्होंने अपनी शिकायत में विधायक का नाम नहीं लिया था और उन्हें नहीं पता कि एफआईआर में उनका नाम कैसे शामिल हुआ। पुलिस ने बाद में कहा कि उन्होंने मुख्य आरोपी से बसवराज के कथित संबंध स्थापित किए हैं।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि बसवराज के मुख्य आरोपी रोडी जगदीश उर्फ जग्गा से सीधे संबंध थे और हत्या से पहले उनकी बिक्लू शिवा से कई बार मुलाकात हुई थी। बताया जाता है कि बसवराज पहले मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ जुड़े रहे थे; बाद में, वह भाजपा में शामिल हो गए थे।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News