Thursday, February 12, 2026

तीसरी तिमाही में एचएएल का शानदार प्रदर्शन, मुनाफा करीब 30 प्रतिशत बढ़कर 1,867 करोड़ रुपए हुआ


मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (दिसंबर तिमाही) में शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है। रक्षा क्षेत्र की इस सरकारी कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछले साल की तुलना में 29.6 प्रतिशत बढ़ गया है।

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा (पीएटी) 1,866.66 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,439.79 करोड़ रुपए था।

इस तिमाही में कंपनी की आय (रेवेन्यू) भी बढ़ी है। एचएएल की संचालन से आय 10.65 प्रतिशत बढ़कर 7,698.80 करोड़ रुपए हो गई, जो पिछले साल इसी तिमाही में 6,957.31 करोड़ रुपए थी।

इस दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 8,612.60 करोड़ रुपए हो गई जो पिछले साल इसी तिमाही में 7,588.71 करोड़ रुपए थी।

तिमाही नतीजों के साथ ही एचएएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पहला अंतरिम लाभांश (डिविडेंड) घोषित किया है। कंपनी ने प्रत्येक 5 रुपए फेस वैल्यू वाले शेयर पर 35 रुपए का डिविडेंड देने की घोषणा की है।

कंपनी ने 18 फरवरी को रिकॉर्ड डेट तय की है। इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें यह डिविडेंड मिलेगा। एचएएल ने कहा है कि यह राशि 14 मार्च 2026 तक पात्र निवेशकों को दे दी जाएगी।

एचएएल पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से डिविडेंड देती आ रही है। 28 मार्च 2019 से अब तक कंपनी 14 बार डिविडेंड घोषित कर चुकी है।

पिछले एक साल में कंपनी ने कुल 40 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड दिया है, जिससे डिविडेंड यील्ड 0.98 प्रतिशत रही है। इससे पहले कंपनी ने 15 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया था, जिसकी रिकॉर्ड डेट 21 अगस्त 2025 थी। तो वहीं इससे पहले कंपनी ने अपने निवेशकों को 25 रुपए का डिविडेंड दिया था, जिसके लिए रिकॉर्ड डेट 18 फरवरी 2025 थी।

बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, एचएएल का शेयर प्राइस 4,161 रुपए है। स्टॉक का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 5,166 रुपए और 52 हफ्ते का निम्नतम स्तर 3,045.95 रुपए है। वहीं कंपनी का मार्केट कैप 2,78,812.30 करोड़ रुपए है (2.21 बजे, 12 फरवरी 2026 तक)।

–आईएएनएस

डीबीपी/


Related Articles

Latest News