Thursday, February 12, 2026

'भारत का दबदबा है', श्रीकांत ने नासिर हुसैन को लताड़ते हुए दिलाई 2003 की याद


नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के टी20 विश्व कप 2026 से जुड़े विवाद पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन की टिप्पणी के बाद भारतीय क्रिकेट के पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस श्रीकांत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “2003 विश्व कप के दौरान नासिर हुसैन इंग्लैंड के कप्तान थे। इंग्लैंड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जिम्बाब्वे और केन्या जाने से इनकार कर दिया था। उस फैसले के चलते इंग्लैंड को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा और केन्या क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया। उस समय इंग्लैंड ने अपने फैसले लिए थे। अब वे सवाल क्यों उठा रहे हैं? आपका एक नियम है और हमारा एक नियम—ऐसा नहीं चल सकता।”

उन्होंने यह भी कहा कि आईसीसी की आय का बड़ा हिस्सा भारतीय दर्शकों से आता है, इसलिए भारत को कुछ मामलों में प्रभावशाली माना जाता है। हर दौर में किसी न किसी टीम का प्रभाव रहता है। उस समय इंग्लैंड का दबदबा था, आज भारत का है।

श्रीकांत ने पाकिस्तान के भारत के साथ खेलने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा, “मुझे खुशी है कि पाकिस्तान खेलने के लिए तैयार हो गया है। यह विश्व क्रिकेट के लिए बेहद जरूरी है। भारत-पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ खेल नहीं, बल्कि करोड़ों दर्शकों की भावनाओं से जुड़ा होता है।”

उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता तो उसे सबसे अधिक नुकसान होता। ऐसे फैसलों से किसी एक देश को अलग-थलग पड़ने का खतरा रहता है, इसलिए खेल को राजनीति से ऊपर रखना जरूरी है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ग्रुप-स्टेज मैच का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी थी। हालांकि, बाद में पाकिस्तान सरकार ने अपना रुख बदलते हुए टीम को खेलने की अनुमति दे दी।

नासिर हुसैन ने इस पूरे घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का प्रभाव है और सभी टीमों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News