Thursday, February 12, 2026

टी20 वर्ल्ड कप: भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले नामीबियाई कप्तान ने ट्रेनिंग शेड्यूल पर उठाए सवाल


नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-नामीबिया के बीच गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 18वां मैच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है, जिससे पहले नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने अपनी टीम के ट्रेनिंग शेड्यूल पर नाराजगी जताई है। कप्तान का कहना है कि उनकी टीम को अरुण जेटली स्टेडियम में फ्लडलाइट्स में प्रैक्टिस करने का मौका नहीं मिला।

मंगलवार को सुबह के मैच में नामीबिया की टीम नीदरलैंड्स के खिलाफ 7 विकेट से हार गई थी। इसके बाद कोच क्रेग विलियम्स ने संकेत दिया था कि टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन भारत के खिलाफ डे-नाइट मैच की तैयारी के लिए शाम के ट्रेनिंग सेशन की योजना बनाई है।

हालांकि, नामीबिया को बुधवार को दोपहर का प्रैक्टिस स्लॉट दिया गया था, जबकि भारत ने मैच से पहले दोनों दिन शाम के समय ट्रेनिंग की। कनाडा का सामना शुक्रवार को दोपहर 3 बजे यूएई से होगा। इस टीम ने भी भारत के साथ लाइट्स में ट्रेनिंग की।

इरासमस ने भारत के विरुद्ध मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “नामीबिया में हमारे कोई नाइट मैच या डे-नाइट मैच नहीं हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के हिसाब से, शायद यही हमारे लिए बड़ी चुनौती है। नेपाल प्रीमियर लीग, आईएलटी20 या पहले वर्ल्ड कप में खेलने वाले खिलाड़ियों को छोड़कर, ज्यादातर खिलाड़ी लाइट्स में खेलने के आदी नहीं हैं। इस मैच से पहले हमें नाइट ट्रेनिंग नहीं दी गई है। भारत को दो बार ट्रेनिंग का मौका दिया गया था, और बुधवार को कनाडा को (शुक्रवार दोपहर यूएई के खिलाफ उनके गेम से पहले) भी एक मौका मिला। आप इससे जो चाहें समझ लें… हम बस नामीबियाई तरीके से खेलेंगे, यानी लड़ना।”

उन्होंने अपने युवा खिलाड़ियों से भी कहा कि वे इस मौके का फायदा उठाएं और जब वे 40,000 की भीड़ के सामने इंडिया का सामना करेंगे तो उस पल में रहें। इरासमस ने इस मौके की अहमियत को स्वीकारते हुए माना है कि उनकी टीम को अपने विरोधियों से घबराना नहीं चाहिए।

कप्तान ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक बड़ा पल है। हम खिलाड़ियों से अनजान नहीं हैं, हम उन्हें आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में टीवी पर बहुत देखते हैं। आपको पता होता है कि आपका सामना किससे होने वाला है, लेकिन मुझे लगता है कि एक्सपोजर के मामले में, और इवेंट के साइज के हिसाब से 40,000 शोर मचाने वाले फैंस के सामने लाइट्स में खेलना युवा प्लेयर्स के लिए बहुत अच्छा अनुभव होने वाला है।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News