Wednesday, February 11, 2026

टी20 वर्ल्ड कप: कप्तान मार्श चोटिल, ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ को कवर के तौर पर बुलाया


कोलंबो, 11 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। चोटिल कप्तान मिचेल मार्श बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेल सके। उनके स्थान पर स्टीव स्मिथ को कवर के तौर पर बुलाया गया है।

मिचेल मार्श को इस हफ्ते की शुरुआत में ट्रेनिंग के दौरान कमर में चोट लगी, जिसके बाद अंदरूनी रक्तस्राव हुआ था। बुधवार को मार्श की गैरमौजूदगी में ट्रेविस हेड आयरलैंड के खिलाफ टीम की कप्तानी कर रहे हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खेल चुके स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं। अब उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए श्रीलंका बुलाया गया है। स्मिथ खुद को वहां के हालात के हिसाब से ढालेंगे और जरूरत पड़ने पर खेलने के लिए तैयार रहेंगे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, “मिचेल मार्श को लगातार दर्द और बेचैनी हो रही है, जिससे उनका मूवमेंट रुक रहा है। स्कैन से टेस्टिकुलर ब्लीडिंग की पुष्टि हुई है, उन्हें आराम और रिहैबिलिटेशन के लिए कुछ समय लगेगा। उनकी वापसी लक्षणों के ठीक होने और मेडिकल सलाह के आधार पर होगी। स्टैंडबाय खिलाड़ी स्टीव स्मिथ जरूरत पड़ने पर मौसम के हिसाब से ढलने और तैयारी करने के लिए कवर के तौर पर श्रीलंका जाएंगे।”

स्मिथ को अभी तक ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड कप टीम में आधिकारिक रूप से शामिल नहीं किया गया है, लेकिन 2021 की चैंपियन टीम के पास एक एक्स्ट्रा जगह खाली है, अगर उन्हें 15 खिलाड़ियों के ग्रुप में जोश हेजलवुड की जगह नहीं लेने के बाद उन्हें जल्दी लाने की जरूरत पड़ती है।

चोटिल जोश हेजलवुड और पैट कमिंस दोनों शुरुआती टीम से बाहर हो गए थे। अब चोटिल खिलाड़ियों की सूची में मिचेल मार्श का नाम भी जुड़ गया है।

इस बीच, नाथन एलिस को हैमस्ट्रिंग की परेशानी से उबरने के बाद फिट घोषित कर दिया गया है। वह आयरलैंड के खिलाफ इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच में खेल रहे हैं।

मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा। ट्रैवलिंग रिजर्व: सीन एबॉट।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News