लखनऊ, 10 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले भाजपा विधायक अलका सिंह ने महिला सशक्तीकरण, पारदर्शी शासन और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार शुरू से ही जनहित को सर्वोपरि मानकर काम करती रही है और इसका लाभ आज समाज के हर वर्ग को मिल रहा है।
अलका सिंह ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार की उस ‘चेन’ को तोड़ दिया है, जो पहले योजनाओं के लाभ को आम जनता तक पहुंचने से रोकती थी। आज योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है, इसमें किसी भी तरह का बिचौलिया नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत गांव-गांव गैस कनेक्शन पहुंचे हैं, घर-घर शौचालय बने हैं और किसान सम्मान निधि का पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना में पूरी पारदर्शिता है। प्रधानमंत्री सिर्फ एक बटन दबाते हैं और पैसा सीधे किसान के खाते में चला जाता है। यही वजह है कि जनता का सरकार पर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।
अलका सिंह ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ आलोचना करना रह गया है। उन्हें लगता है कि सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक के जरिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का अपमान करके वे सत्ता हासिल कर लेंगे, लेकिन जनता सब देख और समझ रही है।
भाजपा विधायक ने कहा कि जनता ने तीसरी बार केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाई है और राज्यों में भी लगातार भाजपा को समर्थन मिल रहा है। करोड़ों की संख्या में लोगों ने भाजपा को वोट दिया है, चाहे वे किसान हों, रेहड़ी-पटरी वाले हों, छोटे व्यापारी हों या बड़े पेशेवर वर्ग से जुड़े लोग हों। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही कुछ क्षेत्रों में भाजपा को वोट न मिले हों, लेकिन जब लोगों से पूछा जाता है, तो वे मानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में बड़ा बदलाव लाया है।
अलका सिंह ने विश्वास जताया कि आने वाला बजट भी पहले की तरह शानदार होगा और उसका असर जमीन पर साफ दिखाई देगा। सरकार की नीतियां महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के हित में हैं और यही कारण है कि भाजपा को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। बजट के परिणाम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव के रूप में सामने आते रहेंगे।
वहीं, भाजपा विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को बधाई देना चाहती हूं, जिन्होंने हमेशा अपने बजट में महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों को शामिल किया है। हम बुधवार को आने वाले बजट में यह सब देखेंगे।”
बता दें कि 11 फरवरी को उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के लिए बजट पेश करने वाली है।
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस
