Sunday, February 15, 2026

बाराबंकी कोर्ट परिसर से हत्या का मुजरिम फरार, उम्रकैद की सजा सुनाए जाने से ठीक पहले पुलिस को दिया चकमा


बाराबंकी, 7 फरवरी (आईएएनएस)। बाराबंकी जिले के न्यायालय परिसर में शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने से ठीक पहले एक शातिर आरोपी पुलिस अभिरक्षा से बच निकलने में कामयाब हो गया और कोर्ट परिसर से फरार हो गया।

कोर्ट में पेशी के दौरान हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कचहरी जैसे अत्यधिक सुरक्षित माने जाने वाले स्थान से हत्या के आरोपी के भागने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, बाराबंकी जिला जेल में बंद कैदी सूरज कुमार को पुलिस सुरक्षा में अदालत लाया गया था। यह घटना करीब शाम 4:15 बजे की बताई जा रही है। अपर जिला जज राकेश कुमार की कोर्ट नंबर दो में सूरज कुमार को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई जानी थी।

अदालती कार्यवाही चल रही थी और सजा की घोषणा होना बाकी थी, तभी मौका पाकर आरोपी ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और कोर्ट परिसर से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी सूरज कुमार बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र का निवासी है। उसके खिलाफ धारा 302 समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था और शनिवार को उसे सजा सुनाई जानी थी।

घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा में तैनात कर्मियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

कचहरी परिसर के भीतर से आरोपी के फरार होने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब कोर्ट परिसर के सभी निकास द्वारों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया है।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News