Saturday, February 14, 2026

डब्ल्यूपीएल: आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, पहले खिताब की तलाश में डीसी


वडोदरा, 5 फरवरी (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के खिताबी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। यह मुकाबला गुरुवार को बीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है।

टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनते हुए, आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा, “हम पहले फील्डिंग करना चाहेंगे। बेशक, यह टूर्नामेंट में एक ट्रेंड रहा है, लेकिन फिर भी एक अच्छे विकेट पर यह जानना हमेशा अच्छा होता है कि आप किस स्कोर का पीछा करने वाले हैं। हम उसी प्लेइंग इलेवन के साथ खेल रहे हैं जिसके साथ पिछले मैच में खेला था।”

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने कहा, “सबसे पहले, इतने बड़े मुकाबले में टॉस हारना बेहतर होता है, क्योंकि कभी-कभी यह हमेशा अच्छे के लिए होता है। हम भी पहले गेंदबाजी चुनते, लेकिन जो हुआ उससे खुश हैं। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं। एक अच्छी बात यह है कि एलिमिनेटर खेलने के बाद, हम उसी पिच पर फिर से खेल रहे हैं, इसलिए हमें पता है कि यह कैसा बर्ताव करेगी।”

दिल्ली कैपिटल्स ने रिकॉर्ड चौथी बार डब्ल्यूपीएल फाइनल में जगह बनाई है। इस टीम को पहले सीजन में मुंबई इंडियंस के हाथों फाइनल मैच गंवाना पड़ा था, जिसके बाद अगले सीजन में आरसीबी ने कैपिटल्स के खिलाफ खिताबी मुकाबला जीता। दिल्ली ने तीसरे सीजन में फिर से फाइनल में जगह बनाई, लेकिन एक बार फिर मुंबई इंडियंस के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी।

एक ओर दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला डब्ल्यूपीएल खिताब जीतना चाहेगी, जबकि आरसीबी का मकसद दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करना होगा।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिगेज (कप्तान), मारिजैन कप्प, चिनले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी और नंदिनी शर्मा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल और लॉरेन बेल।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News