Sunday, February 15, 2026

बीएटीसी 2026: भारतीय पुरुष टीम ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह


चिंगदाओ, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय पुरुषों ने सिंगापुर से कड़ी चुनौती का सामना करते हुए बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप (बीएटीसी) के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। दूसरी ओर महिलाओं ने अपने शुरुआती ग्रुप स्टेज मुकाबले में म्यांमार को 5-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

बुधवार को चिंगदाओ कॉनसन जिम्नेजियम में खेले गए भारत और सिंगापुर के बीच पुरुषों के ग्रुप-सी का मुकाबला काफी रोमांचक रहा। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने जिया वेई जोएल कोह के खिलाफ तीसरे पुरुष एकल में 21-15, 21-16 से शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय पुरुष टीम को जीत दिलाकर अंतिम-8 में अपनी जगह पक्की की।

भारत के अभियान की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं थी। लक्ष्य सेन को पूर्व वर्ल्ड चैंपियन लोह कीन यू ने 21-16, 19-21, 21-16 से हराया, लेकिन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 21-10, 21-8 से जीत हासिल करके बराबरी कर ली। इसके बाद आयुष शेट्टी ने जिया हेंग जेसन तेह को 21-17, 21-15 से मात देकर भारत को बढ़त दिलाई।

पृथ्वी रॉय और के साई प्रतीक की दूसरी डबल्स जोड़ी ने लगभग भारत की जीत सुनिश्चित कर दी थी। इस जोड़ी ने न्गे जू जी और डोनोवन विलैंड वी के खिलाफ पहला गेम आसानी से जीत लिया था, लेकिन फिर 21-8, 21-23, 20-22 से हार गए। इसका मतलब था कि श्रीकांत को कोह को हराने का रास्ता खोजना था, और अनुभवी खिलाड़ी ने यह काम शानदार तरीके से किया।

दूसरी ओर, गत चैंपियन भारत की विमेंस टीम ने ग्रुप-वाई के अपने पहले मैच में म्यांमार पर 5-0 से जीत दर्ज करते हुए अभियान की शानदार शुरुआत की। गत चैंपियन भारत अब गुरुवार को अपने अगले मैच में पिछले साल के रनर-अप थाईलैंड से खेलेगा।

यह टूर्नामेंट अप्रैल-मई में डेनमार्क स्थित हॉर्सेंस में होने वाले थॉमस और उबर कप फाइनल के लिए एशिया का क्वालिफाइंग इवेंट भी है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News