Saturday, February 14, 2026

झारखंडः गिरिडीह में झाड़ी में महिला का अधजला शव बरामद, हत्या की आशंका


गिरिडीह, 30 जनवरी (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी बगोदर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने बेको गांव में बंगाली टोला के पास एक सुनसान स्थान पर शव पड़ा देखा। शव आंशिक रूप से जला हुआ है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव एक से दो दिन पुराना हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है और हाल के दिनों में दर्ज लापता युवतियों के मामलों की भी जांच की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और वहां लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि साक्ष्यों से किसी तरह की छेड़छाड़ न हो सके। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है और संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। अधजला शव मिलने से हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच तेज कर दी गई है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस


Related Articles

Latest News