Monday, February 16, 2026

पंकज चौधरी बने उत्तर प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष, पार्टी नेताओं में उत्‍साह की लहर, दी बधाई


लखनऊ, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष चुना है। केंद्रीय पर्यवेक्षकों द्वारा उनके नाम की औपचारिक घोषणा किए जाने के बाद प्रदेश भर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पंकज चौधरी के चयन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और विधायकों ने उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी के और अधिक मजबूत होने का भरोसा जताया।

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह पार्टी के लिए बेहद शुभ दिन है कि उत्तर प्रदेश को पंकज चौधरी जैसा अनुभवी और समर्पित नेता प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिला है। पंकज चौधरी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

बीजेपी विधायक धर्मवीर प्रजापति ने पंकज चौधरी के राजनीतिक सफर की सराहना करते हुए कहा कि एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष, सांसद और केंद्रीय मंत्री बनने तक का उनका सफर हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है। पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, जो साबित करता है कि भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता के लिए भी शीर्ष पदों तक पहुंचना संभव है।

मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे देश के सबसे बड़े राज्य में पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए खुशी की खबर है। पंकज चौधरी दो बार सांसद रह चुके हैं और गोरखपुर में डिप्टी मेयर के रूप में भी काम कर चुके हैं। उनका पूरा जीवन शहर और प्रदेश के समग्र विकास के लिए समर्पित रहा है, इसलिए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पंकज चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उत्तर प्रदेश की आकांक्षाओं के अनुरूप सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होगा।

मंत्री दानिश अंसारी ने इसे भारतीय जनता पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को एक नया और ऊर्जावान प्रदेश अध्यक्ष मिला है। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी की ऊर्जा, लगन और कड़ी मेहनत से हर कार्यकर्ता पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देगा।

वहीं, मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जहां कोई भी कार्यकर्ता किसी भी पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि पंकज चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पार्षद के रूप में की, इसके बाद सांसद के तौर पर लगातार काम किया और आज पार्टी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में नई उपलब्धियां हासिल करेगी।

–आईएएनएस

एएसएच/एबीएम


Related Articles

Latest News