Monday, February 16, 2026

सीएम योगी की कार्रवाई और एसआईआर से घुसपैठिए छोड़ रहे राज्‍य: अपर्णा यादव


लखनऊ, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में एसआईआर का असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। राज्य भर में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों में खलबली मची हुई है और बड़ी संख्या में ये लोग प्रदेश छोड़कर भाग रहे हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे राज्य में गैर-कानूनी गतिविधियों को लेकर सख्ती बरतते हुए जीरो-टॉलरेंस की नीति लागू की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश से जो लोग भागे हैं, उनमें बड़ी संख्या ऐसे रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की है जो बिना वैध दस्तावेजों के लंबे समय से यहां रह रहे थे और राज्य के संसाधनों का अनुचित उपयोग कर रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि राज्य में बढ़ते अपराधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इन घुसपैठियों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत छापेमारी की खबर फैलते ही लखनऊ के दलीबाग इलाके से करीब 300 रोहिंग्या रातों-रात गायब हो गए, जिससे साफ होता है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के कड़े रुख और संभावित कानूनी कार्रवाई के डर ने इन लोगों को राज्य छोड़ने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध में बढ़ोतरी का बड़ा कारण भी ये अवैध घुसपैठिए ही रहे हैं।

इसके अलावा, यूनेस्को द्वारा दीपावली को अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किए जाने पर अपर्णा यादव ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और यह गर्व की बात है कि हिंदू या सनातन धर्म के सबसे बड़े त्योहार, दीपावली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है।

उन्होंने कहा कि मैं यूनेस्को को धन्यवाद देती हूं और हर भारतीय को बधाई देती हूं कि हमारा प्रमुख पर्व दीपावली वैश्विक सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल हो गया है। यह भारत के लिए अत्यंत गौरवशाली क्षण है।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Related Articles

Latest News