Monday, February 16, 2026

श्रीलंका की मदद के लिए भारतीय नौसेना के चार और युद्धपोत तैनात


नई दिल्ली, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका के लिए भारतीय नौसेना ने अपने चार और महत्वपूर्ण व अत्याधुनिक युद्धपोतों को तैनात किया है। ये भारतीय युद्धपोत श्रीलंका के लिए रवाना हो चुके हैं। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक भारतीय नौसेना के समुद्री जहाज आईएनएस घड़ियाल, एलसीयू 54, एलसीयू 51 और एलसीयू 57 श्रीलंका की सहायता के लिए तैनात किए गए हैं।

नौसेना के ये जहाज श्रीलंका को तत्काल खोज एवं बचाव, मानवीय सहायता और आपदा राहत सहायता प्रदान करेंगे। इन जहाजों की तैनाती भारत के ऑपरेशन सागर बंधु के तहत की गई है।

दरअसल श्रीलंका में बीते दिनों भयंकर चक्रवात ‘दित्वाह’ से जान माल की भारी हानि हुई थी। यहां अभी भी कई सड़क मार्ग बुरी हालत में हैं। कई लोगों के घर बाढ़ और बरसात के पानी में डूब गए थे। इन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई लोग अभी भी लापता हैं, वहीं सैकड़ों लोग जख्मी व बीमार हैं। संकट की इस घड़ी में भारत ने श्रीलंका की मदद के लिए ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया है।

इसी के तहत भारतीय नौसेना ने चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों को राहत सामग्री की आपूर्ति हेतु चार और जहाज-आईएनएस घड़ियाल, एलसीयू 54, एलसीयू 51 और एलसीयू 57 तैनात किए हैं। वहीं भारत का स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रांत व युद्धपोत आईएनएस उदयगिरी एवं आईएनएस सुकन्या पहले ही राहत सहायता तथा हेलीबोर्न एसएआर सहायता प्रदान कर चुके हैं।

नौसेना के मुताबिक, तीन भारतीय जहाज कोलंबो पहुंच चुके हैं और श्रीलंका के अधिकारियों को महत्वपूर्ण राहत सामग्री सौंपी है। वहीं मानवीय सहायता मिशन जारी रखने के लिए आईएनएस घड़ियाल 8 दिसंबर को त्रिंकोमाली पहुंच गया है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 1000 टन सामग्री सहित जहाजों की यह तैनाती भारत और श्रीलंका के बीच घनिष्ठ जन-जन संपर्क को बढ़ावा देती है। साथ ही भारतीय नौसेना की हिंद महासागर क्षेत्र के पड़ोसी देशों को समय पर मानवीय सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। चक्रवात दित्वाह के बाद भारतीय सेना भी श्रीलंका में मानवीय सहायता मुहैया करा रही है।

भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल यहां अब तक 1,250 से अधिक प्रभावित नागरिकों का उपचार कर चुका है। इनमें सेना के डॉक्टर्स द्वारा की गई पांच बड़ी आपातकालीन सर्जरी भी शामिल हैं। यहां सैकड़ों लोगों को चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी। कई लोग बुरी तरह जख्मी भी हुए हैं जिनकी सर्जरी की जा रही है। ऐसी स्थिति में भारतीय सेना अपने फील्ड हॉस्पिटल की मदद से यहां लोगों की सहायता कर रही है।

–आईएएनएस

जीसीबी/एसके


Related Articles

Latest News