यूपी के भदोही में मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला शख्‍स गिरफ्तार


भदोही, 6 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सोशल मीडिया के एक व्हाट्सऐप ग्रुप पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में ग्रुप के एडमिन को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भारतीय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भदोही नगर पालिका नामक एक ग्रुप में अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था, जो कि सोशल मीडिया वायरल हो रहा था। पुलिस को इस संबंध में चार अगस्त को ट्विटर के माध्यम से शिकायत मिली थी। उन्होंने बताया कि जांच में यह पता लगा कि मुस्लिम अंसारी नाम के एक युवक ने उक्त टिप्पणी की है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान यह भी पता चला कि ग्रुप के एडमिन शहाबुद्दीन अंसारी ने आरोपी को ग्रुप से जोड़ा था। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर शहाबुद्दीन अंसारी और मुस्लिम अंसारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार को शहाबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मुस्लिम अंसारी की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।

–आईएएनएस

विकेटी/एसजीके


Related Articles

Latest News