नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस) । दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे और पूर्व कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित ने कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव के मोहल्ला क्लिनिक का दौरा करने के बाद आए बयान पर कहा कि वह उन्हें अरविन्द केजरीवाल के शासन की वास्तविक सच्चाई दिखा सकते थे।
एक ट्वीट में संदीप दीक्षित ने कहा कि “काश दिनेश गुंडू राव आप हमसे भी मिलते, हम आपको अरविंद केजरीवाल सरकार की शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त, पर्यावरण, पानी, सड़क, बस, बुनियादी ढांचे, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की वास्तविक सच्चाई दिखाते।”
संदीप दीक्षित की यह टिप्पणी कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव के दक्षिणी दिल्ली में मोहल्ला क्लिनिक के दौरे के बाद आई, जिसमें उनके साथ दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज भी मौजूद थे।
मोहल्ला क्लिनिक केंद्र का दौरा करने के बाद कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा था, “दिल्ली में एक मोहल्ला क्लिनिक का दौरा किया, जहां शायद ही कोई था। कर्नाटक में हमारे क्लीनिकों में मरीजों के लिए तत्काल परीक्षण करने के लिए प्रयोगशाला सहित अधिक सुविधाएं हैं। मुझे लगता है कि इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है और मैं निराश होकर वापस आया हूं।”
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री की टिप्पणी से आप समेत 26 विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में दरार के संकेत मिल गए हैं।
दीक्षित के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने कहा था कि पार्टी को दिल्ली में ‘आप’ के साथ कोई गठबंधन नहीं करना चाहिए। यहां तक कि पंजाब कांग्रेस नेतृत्व ने भी राज्य में आप पार्टी के साथ किसी भी तरह का गठबंधन नहीं करने की बात पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखी है।
–आईएएनएस
एमकेएस/एबीएम
