भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ घटनाएं नहीं रही थम : अखिलेश यादव


लखनऊ, 29 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि आपराधिक घटनाओं से प्रदेश का कोना-कोना दहल रहा है। सिर्फ तारीख और शहर बदल रहा, लेकिन दुष्कर्म और अत्याचार नहीं। उत्तर प्रदेश अपराधों में नंबर एक हो गया है।

उन्होंने कहा कि हालात इतने बदतर हो गए हैं कि अब सत्ता संरक्षित भाजपाई लगातार अराजकता फैला रहे हैं और पुलिस प्रशासन तक को अपनी इज्जत और सम्मान बचाना मुश्किल हो रहा है। विडंबना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों का सरकार ही बचाव करती नज़र आ रही है।

सपा मुखिया ने कहा कि फतेहपुर में दलित युवती का अपहरण करने के बाद असलहे के बल पर दुष्कर्म की घटना विचलित करने वाली है। दुष्कर्म के बाद बेहोशी की हालात में छोड़कर अपराधी फरार हो गए। बक्सर की किशोरी घर से नाराज होकर गोरखपुर आई थी, जहां अपराधी तत्वों द्वारा बंधक बनाकर नाबालिग से तीन दिन तक गैंगरेप किया गया।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर अपराध और अपराधियों को खुली छूट का नतीजा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था महज एक मजाक बन कर रह गई है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News