Thursday, February 6, 2025

दिल्ली में भाजपा के पक्ष में माहौल, बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार : गजेंद्र सिंह शेखावत


जोधपुर, 5 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि दिल्ली में आज विधानसभा चुनाव हो रहा है। आज दिल्ली के भविष्य के लिए निर्णायक दिन है। हमने हरियाणा और महाराष्ट्र में सरकार बनाई। अब दिल्ली में भी हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। दिल्ली में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनेगी और आप सत्ता से बेदखल होगी। दिल्ली की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और भाजपा एक विकल्प बनकर उभरी है। हमें उम्मीद है कि दिल्ली की जनता का जनादेश भाजपा के पक्ष में आएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि दिल्ली के लोग पीएम मोदी के नाम पर भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट कर रहे हैं। दिल्ली की जनता केजरीवाल के भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी है। मैंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया था। मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर वे अच्छा सुशासन, मोहल्ला क्लीनिक, अच्छे सरकारी स्कूल और सभी सुविधाएं चाहते हैं तो अपना वोट जरूर करें। अरविंद केजरीवाल अपने घर के पास बने मतदान केंद्र पर अपने परिवार के साथ पैदल ही पहुंचे थे। वे अपने बुजुर्ग माता-पिता को व्हीलचेयर पर बैठाकर उन्हें मतदान केंद्र तक ले गए थे।

दिल्ली में दोपहर तीन बजे तक कुल 46.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने माता-पिता, पत्नी और बेटे के साथ मतदान किया। उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में बाहर आएं और अपना वोट जरूर दें।

–आईएएनएस

एकेएस/एकेजे


Related Articles

Latest News