Sunday, October 20, 2024

बिहार : उपचुनाव में एनडीए को मिला संयुक्त किसान विकास पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का साथ, दिलीप जायसवाल ने जताया आभार


पटना, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संयुक्त किसान विकास पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने शनिवार को आगामी चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव में एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की।

संयुक्त किसान विकास पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सूरज प्रकाश राम और प्रदेश सचिव उमेश राम ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर एनडीए को समर्थन देने की औपचारिक घोषणा की।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उदय नारायण राजभर, संजय कुशवाहा, और अंजलि राजभर ने भी दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर आगामी उपचुनाव में एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी उपस्थित थे।

दिलीप जायसवाल ने दोनों पार्टियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “संयुक्त किसान विकास पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के समर्थन से एनडीए की जीत का अंतर और बढ़ेगा। यह समर्थन एनडीए की नीतियों और विकास के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक है।”

जायसवाल ने इस सहयोग को एनडीए के पक्ष में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि यह समर्थन प्रदेश में विकास और प्रगति के मार्ग को और सशक्त करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए की जीत निश्चित है और यह एक बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आएगी।

बिहार में विधानसभा की चार सीटों तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज सीटों के लिए उपचुनाव हो रहा है। उल्लेखनीय है कि तरारी में भाकपा के सुदामा प्रसाद, बेलागंज में राजद के सुरेंद्र यादव, इमामगंज में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के जीतनराम मांझी और रामगढ़ में राजद के सुधाकर सिंह के लोकसभा पहुंच जाने से ये चारों सीटें खाली हुई हैं। सभी सीटों पर 13 नवंबर को वोटिंग होगी।

–आईएएनएस

एमएनपी/एकेजे


Related Articles

Latest News