Karnataka Congress CLP Meeting: कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार बेंगलुरु पहुंच गए हैं. बेंगलुरु में कुछ देर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू होगी. जिसमें सिद्धरमैया को औपचारिक रूप से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना जाएगा और फिर राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा.
कर्नाटक के पूर्व डिप्टी सीएम जी परमेश्वर और कांग्रेस के अन्य विधायक भी सीएलपी की बैठक के लिए बेंगलुरु में पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं. इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस ने कई दिनों तक चले मंथन के बाद सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की.
कर्नाटक की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को बेंगलुरु में होगा. सिद्धरमैया और शिवकुमार के साथ कई और मंत्री भी शपथ ले सकते हैं. कांग्रेस ने शपथ ग्रहण समारोह में समान विचारधारा वाले दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है.
