Monday, February 23, 2026

डीएसए ए डिवीजन लीग: यंग ब्वायज और यूनाइटेड की जीत


नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। प्लेयर ऑफ द मैच दिशान शबीर के दो बेहतरीन गोलों की मदद से यंग ब्वायज एफसी ने जुबा सांघा को 4-1 से हरा कर डीएसए ए डिवीजन लीग में पूरे अंक अर्जित किए। दो गोल सूरज सिंह और डाउंजल ने बांटे। पराजित टीम का इकलौता गोल आशीष शॉ के नाम रहा।

नेहरू स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मैच में दिल्ली यूनाइटेड ने शिमला यंग एफसी को 2-0 से पराजित किया। सौरभ दलाल और हिमांशु यादव ने यूनाइटेड के लिए गोल जमाए।

यंग ब्वायज ने कागजों पर मजबूत टीम के विरुद्ध अभियान की शुरुआत तेज गति के साथ की और जुबा सांघा की कमजोर रक्षा पंक्ति को आसानी से झकझोरते हुए पहले हाफ में चार गोल की बढ़त बना ली। इससे पहले कि जुबा सांघा के रक्षक कुछ समझ पाते विजेता टीम ने मजबूत बढ़त बना ली। हालांकि दूसरे हाफ में पराजित टीम एक गोल उतार पाई लेकिन तब तक उसकी हार पर मुहर लग चुकी थी। सुदेवा अकादमी के खिलाड़ियों से सजी यंग ब्वायज को दूसरे हाफ में ज्यादा मेहनत करनी पड़ी। इस दौरान पराजित टीम ने कुछ मौके भी गंवाए।

एक समय तक शिमला यंग दिल्ली का चैंपियन क्लब था लेकिन अब वह पहले वाली बात नजर नहीं आती। मैच दर मैच खराब फार्म में चल रहे शिमला यंग की अग्रिम पंक्ति ने कुछ आसान मौके भी गंवाए ।

शनिवार , 8 जून को खेले जाने वाले मैचों में हॉप्स एफसी को यंगस्टर से और शक्ति को द ड्रीम टीम से भिड़ना है।

–आईएएनएस

आरआर/


Related Articles

Latest News