Sunday, February 22, 2026

उत्तराखंड की सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत की हैट्रिक, कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी को कंधे पर उठाया


देहरादून, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाने से प्रदेश भाजपा में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में पांचों सीटों पर क्लीन स्वीप करने का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत को दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश की देवतुल्य जनता का आभार प्रकट किया है।

पांचों सीटों पर भारी अंतर से भाजपा प्रत्याशियों की जीत के बाद मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे। जश्न मना रहे कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को कंधों पर उठा लिया और ‘धाकड़ धामी’ जिंदाबाद के नारे लगाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने इस शानदार जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत के साथ ही पदाधिकारियों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। धामी ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है तथा देवभूमि प्रधानमंत्री के दिल में बसता है, जिसके फलस्वरूप उन्होंने दो लाख करोड़ से अधिक की योजनाओं की स्वीकृति उत्तराखंड को प्रदान की। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के नेतृत्व में हमें यह सफलता मिली है। हम सब उनका अभिनंदन करते है।

–आईएएनएस

जीकेटी/


Related Articles

Latest News