Tuesday, February 10, 2026

सुपर फ्लॉप साबित होगा सपा-कांग्रेस गठबंधन (SP-Congress Alliance) : ब्रजेश पाठक (आईएएनएस साक्षात्कार)

लखनऊ, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। छात्र राजनीति से मुख्यधारा में आए ब्रजेश पाठक इस समय यूपी सरकार में उप मुख्यमंत्री के ओहदे पर हैं। वह तीसरी बार मोदी सरकार बनवाने के लिए दिन रात प्रचार में जुटे हैं। उनका मानना है कि विपक्ष सिर्फ नकारात्मक भूमिका में है। इसी कारण सपा और कांग्रेस का गठबंधन (SP-Congress Alliance) एक बार फिर सुपर फ्लॉप साबित होगा। आईएएनएस से उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बातचीत की।

पेश है बातचीत के कुछ अंश:

उन्होंने कहा कि यूपी में दो चरण के चुनाव हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी 16 सीटों पर एकतरफा जीतने जा रही है। विपक्ष के पास धरातल पर कुछ नहीं है। इसी कारण पहले चरण के चुनाव में ये लोग संयुक्त मीटिंग नहीं कर पाए। इसकी वजह भी है। विपक्षी गठबंधन को पता है कि आम जनमानस ने इन्हें नकार दिया है। एक जगह प्रेसवार्ता कर इन लोगों ने औपचारिकता निभाई है। इन्हें यह भी पता है कि यूपी के सभी चरणों में भाजपा गठबंधन सबसे आगे रहेगा। कांग्रेस और सपा का गठबंधन (SP-Congress Alliance) तो सुपर फ्लॉप साबित हो रहा है।

पहले और दूसरे चरण में वोट प्रतिशत कम होने पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा और हमारे सहयोगी कार्यकर्ता जन जन तक मोदी जी की उपलब्धियां पहुंचा रहे हैं। इधर, इंडी गठबंधन का जनता में कहीं अता पता नहीं है। इन चरणों में भाजपा समर्थक मतदाताओं ने रुचि दिखाई है। दूसरी ओर विपक्षी गठबंधन अपनी हार मान चुका है और मतदाताओं को रिझाने का काम भी बंद कर चुका है। कोई प्रयास ही नहीं कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पश्चिमी यूपी में जातियों की नाराजगी को लेकर कहा कि हर चुनाव और लोकतंत्र में ऐसी बातें आती रहती हैं। सर्व समाज को मोदी जी पर भरोसा है। वह भाजपा के साथ है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव के 10 साल में भाजपा द्वारा सिर्फ जुमलेबाजी करने के सवाल पर पाठक ने कहा कि अखिलेश पूरी तरह से दिग्भ्रमित हैं। उनके पास कोई नीति है, न ही कोई एजेंडा। जबकि भाजपा की मोदी सरकार ने बहुत कार्य किया है। आज भारत की जीडीपी बढ़ी है। हर व्यक्ति की आय बढ़ी है।

यूपी सबसे ज्यादा हाईवे वाला राज्य बन चुका है। गरीबों के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड के जरिए निशुल्क इलाज हो रहा है। 75 जिलों में बिजली मिल रही है। किसान सम्मान निधि से लेकर तमाम ऐसी योजनाओं का लाभ आम जनमानस को मिल रहा है।

पहले और दूसरे चरण में विकास की बातें, लेकिन अब ध्रुवीकरण के प्रयास के सवाल पर उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने अपने घोषणापत्र में जिन बातों का जिक्र किया है, उन्हें जनता को समझाना है। वे जनता की संपत्ति को जब्त करने और जांच करने की बात कर रहे हैं।

इनके थिंक टैंक सैम पित्रोदा ने भी कहा कि विरासत टैक्स लगना चाहिए। 50 प्रतिशत संपत्ति जब्त कर ऐसे लोगों को देंगे, जिन्होंने हिंदुस्तान के अमन चैन को नष्ट किया है। कांग्रेस पार्टी हमेशा भारत को क्षति पहुंचाने वालों के साथ खड़ी रही है। इनकी ऐसी नीतियों को जनता के सामने एक्सपोज करना हमारा धर्म है। दूसरी तरफ भाजपा सर्व समाज की पार्टी है। हम लोग विकास के मामले में नंबर वन साबित हुए हैं।

एक सवाल मे जवाब में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को खुद नहीं पता कि क्या बोलना है। उनके पास कोई जानकारी भी नहीं है। भले ही वह 52 के हो गए हों, लेकिन उनकी हरकतें बच्चों जैसी है।

अमेठी और रायबरेली में जीत का दावा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में पहले ही अमेठी जीत चुके हैं। स्मृति ईरानी वहां मजबूती से चुनाव लड़ रही हैं। इन स्थानों पर कांग्रेस ने अभी तक अपना मत स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन इस बार हम अमेठी के साथ रायबरेली भी जीतेंगे।

कन्नौज में चुनाव टफ होने के बारे में उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव जीत चुके हैं, 2024 जीतने जा रहे हैं। अखिलेश कुछ बोलने लायक नहीं है। उन्हें कन्नौज की जनता से वोट मांगने का भी अधिकार नहीं है। उन्होंने यहां बाबा साहब के नाम से बने मेडिकल कालेज का नाम बदल दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने बाबा साहब को फिर वहां स्थापित किया है।

बसपा के चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का अधिकार सबको है। भाजपा अपने विकास और मोदी जी की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच में है।

–आईएएनएस

विकेटी/एसकेपी

Related Articles

Latest News