Wednesday, February 11, 2026

भूपतिनगर विस्फोट मामले के आरोपी दो तृणमूल नेताओं को पांच दिन की एनआईए हिरासत में भेजा गया


कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता की एक विशेष अदालत ने 2022 के भूपतिनगर विस्फोट मामले में तृणमूल कांग्रेस के नेता बलाई चरण मैती और मोनोब्रत जना को शनिवार को पांच दिन की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में भेज दिया।

इससे पहले, एजेसी ने दोनों नेताओं को पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के भूपतिनगर से गिरफ्तार किया था जहां दिसंबर 2022 में एक विस्फोट में तीन लोग मारे गए थे।

उन्हें विशेष अदालत में पेश करने के बाद, एनआईए के वकील ने अदालत को बताया कि मैती और जना दोनों को “आतंकवाद” फैलाने के लिए देशी बम “बनाने” और “विस्फोट” करने की साजिश में शामिल पाया गया है। उनके कब्जे से 2.36 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई है और उनके पास से चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

इसके बाद, एनआईए के वकील ने दोनों आरोपियों की पांच दिन की हिरासत की मांग की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

एनआईए टीम पर शनिवार सुबह भूपतिनगर में स्थानीय लोगों के एक समूह ने उस समय हमला किया जब वे दो बलाई चरण मैती और मोनोब्रत जना को हिरासत में लेने के बाद लौट रहे थे।

पश्चिम बंगाल में तीन महीने में केंद्रीय जांच एजेंसी पर यह दूसरा हमला है।

इस साल 5 जनवरी को संदेशखाली में स्थानीय लोगों ने ईडी और सीएपीएफ कर्मियों पर हमला किया था। इस मामले में निलंबित तृणमूल नेता शेख शाहजहां को गिरफ्तार किया गया है।

हमले के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना के लिए एनआईए को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि एनआईए ने भूपतिनगर में महिलाओं को परेशान किया है।

–आईएएनएस

एकेजे/


Related Articles

Latest News