मप्र में भाजपा का 29 सीटें जीतने का दावा, कांग्रेस को भी बड़ी सफलता का भरोसा


भोपाल, 16 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव की तारीख की घोषणा हो चुकी है। मध्य प्रदेश की 29 सीटों के लिए चार चरणों में चुनाव होने वाले हैं। भाजपा राज्य की सभी 29 सीटें जीतने का दावा कर रही है, तो वहीं कांग्रेस को भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। राज्य में लोकसभा की 29 सीटें हैं, जिनमें से 28 सीटों पर भाजपा का कब्जा है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने आगामी चुनाव में सभी 29 सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा, “मध्यप्रदेश में चार चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को चुनाव होंगे। हमारे कार्यकर्ता प्रदेश के 64523 बूथों पर चुनाव के लिए तैयार हैं।”

उन्‍होंने कहा, मध्यप्रदेश में ज्यादा से ज्यादा मतदान भी होगा और जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी सभी 29 सीटें जीतकर नया इतिहास रचेगी। देश और प्रदेश की जनता एवं पार्टी कार्यकर्ता चार जून को 400 पार फिर एक बार मोदी सरकार को चरितार्थ करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा मध्यप्रदेश में चार चरणों में होने वाले चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के साथ उतरेगी और महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

शर्मा ने कहा, “हमारा प्रयास होगा कि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा मतदान हो और अधिक से अधिक लोग आजादी के अमृत काल में हो रहे इस चुनाव में सहभागी बनें।”

वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आगामी चुनाव को लेकर कहा, लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व लोकसभा चुनाव का बिगुल आधिकारिक रूप से बज चुका है। 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होना है और इसी दिन छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में भी मतदान है।

उन्होंने आगे कहा, “मैं पूरे प्रदेश और छिंदवाड़ा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि अब समय बहुत कम बचा है, इसलिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से चुनाव कार्य में लग जाएं।”

उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस पार्टी ने देश, प्रदेश और छिंदवाड़ा के लिए जो-जो काम किए हैं, उनको जनता के सामने लेकर जाएं और कांग्रेस पार्टी के वादों को स्पष्ट शब्दों में पूरे उत्साह के साथ जनता के सामने रखें।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सबकी संगठित और सामूहिक शक्ति से कांग्रेस पार्टी आम चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी और विजयश्री प्राप्त करेगी।”

–आईएएनएस

एसएनपी/एसजीके


Related Articles

Latest News