Sunday, February 15, 2026

यूपी में आने वाले समय में 100 सीबीजी प्लांट होंगे : हरदीप सिंह पुरी


गोरखपुर, 8 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में दस सीबीजी प्लांट हैं और आने वाले समय में यूपी में सौ सीबीजी प्लांट होंगे।

हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को धुरियापार में इंडियन ऑयल के सीबीजी प्लांट के लोकार्पण समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीबीजी प्लांट पर्यावरण की रक्षा, किसानों की आमदनी बढ़ाने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा प्रयास है। इंडियन ऑयल की तरफ से यह प्लांट 165 करोड़ रुपये की पूंजी से स्थापित हुआ है।

इस प्लांट में रोजाना 200 मीट्रिक टन कृषि अवशेष (धान का भूसा), 20 मीट्रिक टन प्रेसमड और 10 मीट्रिक टन मवेशियों के गोबर का उपयोग होगा। बायोगैस प्लांट में हर रोज करीब 20 मीट्रिक टन बायोगैस और 125 मीट्रिक टन जैविक खाद का उत्पादन होगा। जैविक खाद से कृषि की पैदावार बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए योगी सरकार की ग्रीन हाइड्रोजन नीति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सेक्टर में तेजी से निवेश होगा। यूपी में उनके गोद लिए जिले सोनभद्र में भी ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट लगाने की व्यवस्था कराई जाएगी। ऊर्जा क्षेत्र में भी अन्नदाता किसानों की बड़ी भूमिका होगी। यह सीबीजी प्लांट इसी भूमिका से जुड़ा है।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि गैस सिलेंडर का काम देश में 2014 से 60 साल पहले शुरू हुआ था। 2014 तक 14 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए थे, जो पीएम मोदी के मार्गदर्शन में अब 32 करोड़ हो गए हैं। 2016 में शुरू उज्ज्वला योजना से 10 करोड़ महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं, उनमें 8 करोड़ ग्रामीण महिलांए हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News