गोवा एससीपीसीआर ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ निर्देश जारी किया


पणजी, 2 मार्च (आईएएनएस)। गोवा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (जीएससीपीसीआर) ने 12वीं कक्षा की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से मिली शिकायातों पर संज्ञान लिया है। जीएससीपीसीआर ने राज्य के अंजुना और वागाटोर में बार, क्लब और रेस्तरां से निकलने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए एक निर्देश जारी किया है।

जीएससीपीसीआर के अध्यक्ष पीटर एफ. बोर्गेस ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”उन्हें इन क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण के बारे में शिकायतों वाले ईमेल मिले हैं और उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा है।”

बोर्गेस ने कहा, ”छात्रों ने मुझे आधी रात को फोन करके शिकायत की कि उनके क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण हो रहा है, जिससे वह अपनी पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पा रहे हैं। पिछले साल भी मैंने अधिकारियों को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। छात्रों के परिजन भी इस मुद्दे को लेकर चिंतित हैं।”

शिकायतकर्ताओं ने यह भी जानकारी दी कि ध्वनि प्रदूषण रात से शुरू होकर सुबह सात बजे तक जारी रहता है। इसी कारण उन्हें अधिकारियों से शिकायत करने का कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि छात्रों को परीक्षा की तैयारी के दौरान परेशानी न हो।

बोर्गेस ने आगे कहा, ”ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए हमने अंजुना और वागाटोर क्षेत्रों में बार, क्लब और रेस्तरां को टारगेट करते हुए सख्त निर्देश जारी किया है।”

–आईएएनएस

एफजेड/एसजीके


Related Articles

Latest News