भिवंडी में बिल्डिंग गिरने से 9 की मौत, सीएम फडणवीस और डिप्टी सीएम शिंदे ने जताया दुख


मुंबई, 31 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले स्थित भिवंडी में चार मंजिला इमारत गिरने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। एनडीआरएफ की टीम ने मलबे से शव निकाला है। राहत और बचाव का काम अभी जारी है, क्योंकि मलबे के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “भिवंडी में बिल्डिंग गिरने से कुछ लोगों की मौत बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के साथ हूं। इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश नगर आयुक्त को दिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। मैं उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।”

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी दुख जताते हुए कहा, “कोहिनूर बिल्डिंग गिरने से 9 लोगों की जान गई। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं।”

एकनाथ शिंदे ने बताया कि उन्होंने खुद भिवंडी नगर आयुक्त अनमोल सागर और ठाणे कलेक्टर श्रीकृष्ण पंचाल से बात की है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने को कहा है। घायलों का इलाज भिवंडी के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भी भर्ती किया जाएगा।

उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि इमारत में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को सरकारी नियमों के हिसाब से आर्थिक मदद दी जाएगी।

फिलहाल, प्रशासन का पूरा फोकस मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालने पर है।

बता दें कि यह घटना गुरुवार देर रात महाराष्ट्र के भिवंडी जिले के बालाजी नगर क्षेत्र में स्थित चार मंजिला कोहिनूर इमारत के एक हिस्से के ढह जाने से घटी। बताया जा रहा है कि वहां मरम्मत का काम चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें से प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे थे। स्थानीय नगर निगम ने पहले ही इस इमारत को खतरनाक घोषित कर दिया था।

–आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी


Related Articles

Latest News