Wednesday, February 25, 2026

5 साल पुराने गाने से मिला बड़ा ब्रेक, 'तुम ही आना' ने बदली पायल देव की जिदंगी


मुंबई, 25 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्मों में जितने मुख्य भूमिका निभाने वाले किरदारों की चर्चा होती है, उसके साथ ही कुछ सुपरहिट गीत भी लोगों के दिलों पर छा जाते हैं।

90 के दशक के कई बड़े सिंगर्स ने अपनी आवाज का जादू लोगों के दिलों पर चला दिया, लेकिन आज के दौर पर भी कई ऐसे सिंगर्स मौजूद हैं, जिनकी आवाज रिलीज के साथ ही तहलका मचा देती है। हम बात कर रहे हैं प्लेबैक सिंगर पायल देव की, जिन्होंने सलमान खान समेत कई बड़े स्टार्स के लिए गाना गाया, लेकिन अभिनेता से उनका जुड़ाव अनोखा है।

26 फरवरी को झारखंड राज्य के रामगढ़ छावनी में जन्मी पायल देव के कंठ पर मां सरस्वती का आशीर्वाद पहले से था, और वे बचपन से ही बहुत सुरीला गाती थी। अपनी आवाज को अपनी पहचान बनाने के लिए, उन्होंने महिला महाविद्यालय से संगीत में स्नातक की डिग्री ली और सपनों की उड़ान देने के लिए मुंबई आ गई। बहुत कम लोग जानते हैं कि पायल स्वतंत्र सिंगर बनना चाहती थी और कई गाने पहले ही बनाकर रख लिए थे, जैसे फिल्म मरजावां का “तुम ही आना”।

“तुम ही आना” गाना रील्स से लेकर सोशल मीडिया पर बहुत पॉपुलर हुआ था, लेकिन सिंगर ने पांच साल पहले ही गाने को तैयार कर लिया था। दरअसल, पायल ये गाना इंडिपेंडेंट ही रिलीज करना चाहती थी और इसे अपने संघर्ष के दिनों में लिखा था, लेकिन जब उन्होंने भूषण कुमार को गाना पहली बार सुनाया था, गाने को बिल्कुल वैसा का वैसा ही फिल्म में इस्तेमाल किया गया। पायल को यकीन नहीं हुआ था कि 5 साल पहले तैयार हुए गाने को फिल्म में बिना किसी बदलाव के इस्तेमाल तक कर लिया जाएगा।

हालांकि पायल देव को उनका पहला बड़ा ब्रेक संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव मस्तानी (2015) के गीत “अब तोहे जाने ना दूंगी” से मिला। यह गाना फिल्म के बाकी गानों की तरह पॉपुलर नहीं हुआ, लेकिन सिंगर के डेब्यू के लिए काफी थी। सिंगर ने सलमान खान के लिए कई गाने गाए। खुद पायल ने खुलासा किया था कि सलमान ने हमेशा उनके गानों को खूब सराहा, लेकिन साथ ही बहुत कुछ सिखाया भी।

सलमान अक्सर पायल को बेस के साथ बोलने की सलाह देते थे, जिस पर पायल ने काम किया था। पायल ने अपने करियर में ‘बारिश बन जाना’, राधे का ‘दिल दे दिया’, बादशाह के साथ ‘गेंदा फूल’ और ‘जालिम’, ‘दिलजानी’ और ‘बारिश बन जाना’ जैसे गाने गए। पायल ने न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि भोजपुरी सिनेमा और भक्ति रंग से सराबोर गीतों में भी अपनी आवाज दी। वे पवन सिंह के साथ चार हिट गाने दे चुकी हैं।

–आईएएनएस

पीएस/एएस


Related Articles

Latest News