उत्तर प्रदेश सरकार निराश्रित महिला पेंशन योजना के माध्यम से 40.32 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। यह योजना विधवा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानित जीवन जीने में मदद कर रही है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार महिला सशक्तिकरण के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए निराश्रित महिलाओं के लिए बड़ी संबल बनकर उभरी है। राज्य सरकार की ‘निराश्रित महिला (विधवा) पेंशन योजना’ वर्तमान में प्रदेश की 40.32 लाख से अधिक महिलाओं के जीवन में आर्थिक स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा का नया सवेरा ला रही है। पति के निधन के बाद आजीविका के संकट से जूझने वाली महिलाओं को आत्मनिर्भर और सम्मानित जीवन प्रदान करने की दिशा में यह योगी सरकार की एक ऐतिहासिक और अत्यंत संवेदनशील पहल है।
पारदर्शिता के साथ सीधे खाते में पहुंच रही मदद
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत प्रदेश की कुल 40,32,629 विधवा महिलाओं को सीधी आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। सरकार ने सुनिश्चित किया है कि मदद की यह राशि बिना किसी बिचौलिये के, पूरी पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों के आधार-लिंक बैंक खातों में PFMS (सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली) के माध्यम से ट्रांसफर की जाए।
योगीराज में लाभार्थियों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी
आंकड़े गवाह हैं कि योगी सरकार ने योजना का दायरा अभूतपूर्व रूप से बढ़ाया है। वर्ष 2016-17 से पहले जहाँ केवल 17.31 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 40.32 लाख से अधिक हो चुकी है। यह दोगुनी से अधिक की वृद्धि दर्शाती है कि सरकार की प्राथमिकता हर जरूरतमंद महिला तक पहुंचना है।
पात्रता और सरकार का लक्ष्य
योजना का लाभ केवल उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी महिलाओं को मिलता है, जिनके पति का निधन हो चुका हो। आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और परिवार की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
महिला कल्याण निदेशालय की निदेशक डॉ. वंदना वर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि कोई भी पात्र महिला तकनीकी या अन्य कारणों से योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ जीवन जीने की दिशा में प्रेरित करती है।
