मेरठ में गुरुद्वारा साहिब परिसर 35 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या


मेरठ 7 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारा साहिब परिसर में बैठे एक 35 वर्षीय व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि थाना हस्तिनापुर के किशनपुर गांव के तीरथ सिंह शनिवार की रात गुरुद्वारा श्रीगुरू थल्ली साहिब परिसर में आग जलाकर बैठे थे। तभी अज्ञात अपराधियों ने पहुंचकर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में गोली लगने से तीरथ सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

गुरुद्वारा साहिब परिसर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर मेरठ देहात के पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चला है। उन्होंने हालांकि यह कहा कि सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

–आईएएनएस

विमल कुमार/एकेजे


Related Articles

Latest News