Sunday, February 15, 2026

2026 का चीनी वसंत महोत्सव का भव्य समारोह नजदीक


बीजिंग, 14 फरवरी (आईएएनएस)। चीनी चंद्र नव वर्ष की पूर्व संध्या पर, 16 फरवरी को पेइचिंग समयानुसार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार शाम साढ़े 5 बजे), चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) ‘2026 स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ का निर्धारित समय पर प्रसारण करेगा।

यह कार्यक्रम 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों के 3,300 से अधिक मीडिया आउटलेट्स के सहयोग से, अंग्रेजी, स्पेनिश, फ्रेंच, अरबी और रूसी सहित 85 भाषाओं में सीजीटीएन (चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क) टेलीविजन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विश्व स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।

पारंपरिक चीनी चंद्र पंचांग बारह पशु राशि चक्र प्रणाली का उपयोग करता है, जिसमें प्रत्येक वर्ष बारह पशुओं में से एक को दर्शाता है। चीनी चंद्र पंचांग के अनुसार 2026 अश्व वर्ष है। चीन में, सरपट दौड़ता घोड़ा दृढ़ता और उद्यमशीलता का प्रतीक है। इस वर्ष के ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ का विषय ‘दौड़ता अश्व, अविराम गति’ है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपने सपनों को साकार करने की यात्रा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित करना है।

इस वर्ष के ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ के स्टेज डिजाइन में पहली बार एआईजीसी रियल-सीन स्पेशल इफेक्ट्स तकनीक का उपयोग किया जाएगा। सीएनसी फ्लिपिंग मॉड्यूल के 14 सेट एक ‘सरपट दौड़ते घोड़े’ का उपकरण बनाते हैं, जो प्रकाश और रंग ग्रेडेशन के साथ मिलकर हजारों घोड़ों के सरपट दौड़ने का स्टेज प्रभाव पैदा करता है। वर्ष 2025 के सीएमजी ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ के मंच पर यांग-के नृत्य प्रस्तुत करने वाले स्मार्ट रोबोट दिखाई दिए थे।

इस वर्ष, स्मार्ट रोबोट एक बार फिर वसंत महोत्सव समारोह के मंच की शोभा बढ़ाएगा और नृत्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

बता दें कि ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ चीन का सबसे प्रसिद्ध टेलीविजन सांस्कृतिक संध्या शो है। वर्ष 1983 से, चीन का राष्ट्रीय टेलीविजन स्टेशन चंद्र नव वर्ष की पूर्व संध्या पर ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ का सीधा प्रसारण करता आ रहा है।

वर्तमान में, नव वर्ष की पूर्व संध्या पर दुनिया भर में करोड़ों चीनी परिवारों के लिए ‘गाला’ देखना एक नियमित गतिविधि बन गई है।

जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2024 में, वसंत महोत्सव को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में अंकित किया गया, जिससे यह चीनी संस्कृति का एक सार्वभौमिक रूप से स्वीकृत, मान्यता प्राप्त और प्रशंसित प्रतीक बन गया। वर्तमान में, लगभग 20 देश और क्षेत्र वसंत महोत्सव को वैधानिक अवकाश के रूप में मान्यता देते हैं, और दुनिया की लगभग एक-पांचवीं आबादी अलग-अलग तरीकों से वसंत महोत्सव मनाती है।

यह भी बता दें कि 2026 चीनी चंद्र पंचांग का नववर्ष 17 फरवरी से शुरू हो रहा है। इस दिन दुनिया भर में चीनी लोग वसंत महोत्सव की खुशियां मनाएंगे। इसकी पूर्व संध्या पर, यानी 16 फरवरी की शाम, सीएमजी ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ प्रसारित किया जाएगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Related Articles

Latest News