बवाना इंडस्ट्रियल एरिया के प्लाईवुड गोदाम में लगी आग, 17 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू


नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। बवाना सेक्टर-2 औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लाईवुड गोदाम में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। किसी के हताहत की कोई सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को सुबह करीब 3:55 बजे मिली, जिसके बाद तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

शुरुआती तौर पर तीन पानी की गाड़ियां, दो पानी के टैंकर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन मौके पर भेजे गए। हालांकि, गोदाम के अंदर भारी मात्रा में ज्वलनशील प्लाईवुड और अन्य सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने चरणबद्ध तरीके से अतिरिक्त फायर टेंडर को मौके पर भेजा। कुल 17 दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला है।

घटनास्थल पर पहुंची दमकल टीमों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कई घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक नियंत्रण पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की फैक्ट्रियों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था, लेकिन समय रहते दमकलकर्मियों ने स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया।

इस दौरान राहत कार्य में जुटे एक दमकलकर्मी, अधिकारी प्रशांत, के हाथ में मामूली चोट लग गई। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों ने बताया कि उनकी हालत अब पूरी तरह से ठीक है।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन का काम जारी है।

घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और आसपास के औद्योगिक इकाइयों को भी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो राहत की बात है। हालांकि, गोदाम में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।

–आईएएनएस

एसएके/एएस


Related Articles

Latest News