पीएम मोदी के 12 साल: जामनगर होमगार्ड्स ने तैयार किए 12 हजार सीड बॉल्स, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा


जामनगर, 14 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सफल और जनविश्वास से भरे कार्यकाल के उपलक्ष्य में जामनगर जिला होमगार्ड्स परिवार द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित क्रांति की दिशा में सराहनीय पहल की गई है।

जामनगर जिला होमगार्ड्स ने 12,000 से अधिक सीड बॉल्स (बीज गोलियां) तैयार कर पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया है। इन सीड बॉल्स में सरगवा, नींबू, खैर, गोरस, इमली, हरमो, वटवृक्ष, जामुन, पीपल और गुलमोहर सहित विभिन्न प्रकार के वृक्षों के बीज शामिल किए गए हैं।

सीड बॉल्स तैयार करने के लिए जामनगर महानगरपालिका (जेएमसी) के सहयोग से काली मिट्टी और गोबर की प्राकृतिक खाद का उपयोग किया गया। तैयार की गई सभी सीड बॉल्स जामनगर वन विभाग को सौंपी जाएंगी, जहां से वर्षा ऋतु से पहले विभिन्न क्षेत्रों में उनका रोपण और उपयोग किया जाएगा ताकि हरित आवरण बढ़ाया जा सके और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिल सके।

गुजरात के जामनगर जिला होमगार्ड कमांडेंट गिरीश सरवैया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि यशस्‍वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास, विश्‍वास और लोक कल्‍याण के तहत गुजरात सरकार द्वारा निर्देशित और गृह विभाग के आदेश के अनुसार हम लोग पीएम मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल के उत्‍सव में सहभागी होने जाने जा रहे हैं।

उन्‍होंने बताया कि हमारा जामनगर का होमगार्ड का परिवार वन विभाग के साथ मिलकर पीएम मोदी के हरियाली क्रांति के विचार में भी सहभागी होगा। इसी के तहत हम सब जामनगर के भीतर 12 साल के तहत हम 12 हजार सीड-बॉल्स (बीज गोलियां) बना रहे हैं।

सरवैया ने कहा कि सीड-बॉल्स के भीतर अलग-अलग पेड़ के बीजों को मिट्टी और गोबर को मिलाकर लड्डू की आकृति दे देते हैं। इनको हम वन विभाग को देंगे और जो बारिश से पहले जरूरत की जगह पर लगा देंगे। बारिश होने पर इनमें से बीज निकलेंगे और आने वाले समय में ये बड़े पेड़ का रूप ले लेंगे।

–आईएएनएस

एएसएच/पीएम


Related Articles

Latest News